रायपुर
मतगणना के लिए कर्मियों को दिया गया प्रशिक्षण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 20 नवंबर। रायपुर दक्षिण उप चुनाव की मतगणना 23 नवंबर को सेजबहार स्थित शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में होगी। इसे लेकर मतगणना कर्मियों का प्रशिक्षण दिया गया। जहां पोस्टल बैलेट नोडल, टेबुलेशन नोडल ,मतगणना पर्यवेक्षक, सहायक एवं माइक्रो आब्जर्वर को का प्रशिक्षण दिया गया। राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर ने कर्मियों को मतगणना में बरते जाने वाले सावधानियों और हर पहलुओं के बारिकियों की जानकारी दी। प्रशिक्षण स्थल पर मतगणना हॉल का मॉडल बनाकर अवलोकन कराया गया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि सभी कर्मचारी निर्वाचन प्रक्रिया का पूर्ण रूप से पालन करें।
कलेक्टर ने कहा कि हर राउण्ड के बाद राजनैतिक अभिकर्ता के टेबुलेशन चार्ट पर अवश्य हस्ताक्षर लें। संयुक्त निर्वाचन पदाधिकारी पी. एस. ध्रुव ने कहा कि सभी कर्मचारी मतगणना का कार्य कुशलतापूर्वक किया जाएं।
ईवीएम पर फिर सियासत: मतगणना से पहले ईवीएम को लेकर एक बार फिर कांग्रेस विरोध कर रहे हैं। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा हमें ईवीएम पर न पहले भरोसा था, न अब है न आगे रहेगा। हमारे प्रत्याशी और कार्यकर्ता सजग हैं। ईवीएम की रखवाली कर रहे हैं। इस पर सीएम विष्णुदेव साय, और कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कांग्रेसी जब-जब हारते हैं, तो ईवीएम पर दोष मढ़ते हैं। जीत जाते हैं, तो चर्चा भी नहीं करते। ऐसा वे कई बार कर चुके हैं। सीएम ने कहा दक्षिण में भाजपा जीत रही है।