रायपुर

पीएम सूर्यघर योजना की पात्रता के लिए आय सीमा नहीं
19-Nov-2024 7:10 PM
पीएम सूर्यघर योजना की पात्रता के लिए आय सीमा नहीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 19 नवंबर। पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में  गति आई है। इस योजना के तहत 78 हजार रुपये तक की सबसिडी का आकर्षक प्रावधान है। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनीज के एटीएम (जनसंपर्क) उमेश कुमार मिश्र ने बताया कि कुछ लोगों द्वारा गलत जानकारी  वायरल की जा रही है  जिसमें पात्रता के लिये 6000 रूपये की आय सीमा बताई जा रही है । जो भ्रामक और वस्तुस्थिति  से परे है। वास्तव में इस योजना में 1 से 3 किलोवॉट का सोलर पॉवर प्लांट बिजली उपभोक्ता की छत पर लगाने पर 30 हजार से लेकर 78 हजार रुपए तक की सबसिडी का प्रावधान सभी के लिये है ,चाहे वे किसी भी आय व जाति वर्ग के हों।

योजनानुसार प्रतिमाह 300 यूनिट की मुफ्त बिजली मिलेगी ,जो उपभोक्ता की छत पर सौर ऊर्जा के रूप में उत्पादित होगी । यदि छत पर उत्पादित पूरी बिजली का उपयोग उपभोक्ता किसी कारण से नहीं कर पाता तो उसके ग्रिड के माध्यम से समायोजन की व्यवस्था भी रहेगी ताकि उपभोक्ता को आर्थिक लाभ में बाधा न आये । जो उपभोक्ता बैंक से ऋण लेना चाहते हैं उनके लिये मात्र 7 प्रतिशत ब्याज पर आसान  ऋण की व्यवस्था भी की गई है । आवेदन हेतु पीएम सूर्यघर के पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीयन करना होता है ।यह योजना अपने घर की छत पर अपना बिजली घर बनाने का मार्ग प्रशस्त कर रही है ।


अन्य पोस्ट