रायपुर

सड्ढू में दो घंटे के भीतर डबल मर्डर
19-Nov-2024 3:50 PM
सड्ढू में दो घंटे के भीतर डबल मर्डर

10 संदेही हिरासत में, पुलिस पर कई गंभीर आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 नवंबर। 
शहर से लगे  आमासिवनी शराब भ_ी में हुए विवाद के बाद सोमवार रात महज दो घंटे के भीतर डबल मर्डर की वारदात हुई। इसमें 10 युवकों के शामिल होने की खबर है और पुलिस ने कुछ संदेहियों को हिरासत में लिया है।

आमासिवनी शराब भ_ी में मामूली विवाद पर पहले रोहित सागर की सडक़ पर  चाकू मारकर हत्या की गई और फिर हरीश साहू को पूरी योजना बनाकर सड्ढू के बीएसयूपी कॉलोनी करे एक फ्लैट में जाकर मार डाला गया। 

दोनों हत्याएं पुराने गैंगवार का परिणाम बताई गई हैं । रात करीब 10 बजे इसी इलाके के हरीश साहू और साथियों ने शराब दुकान के सामने रोहित सागर नाम के बदमाश की चाकू मारकर हत्या कर दी है। रोहित की मौत से भडक़े उसके सदस्यों तथा उसके रिश्तेदार पिकअप में भरकर पहुंचे और आरोपी हरीश साहू को घर से खींचकर ले गए। थोड़ी देर बाद बीएसयूपी कॉलोनी के एक फ्लैट में ले गए और कमरे में कुर्सी से बांधकर चाकू से गोद डाला गया। और शव को तीन किमी दूर खालबाड़ा को पास फेंक गए।

एएसपी कीर्तन राठौर के मुताबिक दोनों मृतकों और साथियों के खिलाफ पुराने क्रिमिनल केस चल रहे हैं और दोनों में आपस में पूर्व में भी विवाद हुआ था। पुलिस ने रोहित के मर्डर में हरीश और साथियों तथा हरीश के मर्डर के आरोपी में रोहित के भाई-संबंधी समेत अन्य युवकों के खिलाफ जुर्म दर्ज किया है।मंगलवार सुबह मिली जानकारी के अनुसार  दोनों ही मर्डर के मामले में पुलिस ने रात भर में 8-10 संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इनमें हरीश के पिता चाचा लोग भी शामिल हैं। 

लोगों का कहना है:-
दोनों हत्याओं के बाद विधानसभा पुलिस की भूमिका पर इलाके के लोग खुलकर आरोप लगा रहे हैं।
इधर हरीश के पिता के मुताबिक कल रात घटना के बाद विधानसभा पुलिस के सिपाही सड्ढू आए। और मुझसे (पिता)ही हरीश के बारे में पूछने लगे। मैने जानकारी से इंकार किया तो बिफर कर दुर्व्यवहार करने लगे। कहने लगे तुझे  मालूम है हरीश कहां है। और डांट कर गाड़ी में बिठाकर थाने ले आए। इसी दौरान पुलिस कर्मियों से ही  हरीश के मर्डर की जानकारी मिली । थाने  में मौजूद सड्ढू के ही गोपेश साहू ने कहा कि दोनों ही मृतक एक ही वार्ड के निवासी हैं। हम 10 वर्षों से आमासिवनी शराब भ_ी हटाने की मांग कर रहे हैं लेकिन नहीं हटाया जा रहा है। अब तो आहाता भी खोल दिया गया है। इस शराब दुकान और आसपास दोपहर बाद से असामाजिक तत्वों का डेरा रहता है। इसकी शिकायत को बाद भी पुलिस  कोई कार्रवाई नहीं कर रही। 112 पेट्रोलिंग टीम बस खाना पूर्ति करने अपराध होने को बाद सायरन बजाकर, गुंडे और भट्टी वालों से वसूल कर चली जाती है। हीरो बनकर आते हैं।  हरीश की हत्या में तो पुलिस मृतक से माता पिता चाचा को संदिग्ध बना रही है। पूरे इलाके में गुंडाराज चल रहा है। स्थिति बहुत खराब है। इतना गंदा माहौल है कि भ_ी के पास से गुजर नहीं सकते। पास में ही बालिका आईटटीआई है। जहां कभी भी कोई भी अनहोनी हो सकती है।

अजय चंद्राकर ने भी घेरा गृह मंत्री को 
भाजपा विधायक पूर्व मंत्री, मुख्य प्रवक्ता अजय चंद्राकर ने डबल मर्डर पर कहा कि  गृहमंत्री से अपेक्षा है कि 24 घंटे में गिरफ्तारी हो। कुछ ही दूरी पर डबल मर्डर होना गंभीर विषय है। नेता प्रतिपक्ष डॉ चरण दास महंत ने राजधानी में बढ़ते अपराधों पर कहा कि राजधानी में ही जब लोग सुरक्षित नहीं हैं तो गांवों में कहा रहेंगे। महंत ने कहा कि अपराधों से आमजन और कांग्रेस उदवेलित है। मुख्यमंत्री और गृहमंत्री से राज्य संभल नहीं रहा है। कांग्रेस के संचार विभाग प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि राजधानी में  हर नागरिक भय के वातावरण में जी रहा है। 1 माह में राजधानी में 17 मर्डर हो चुके हैं।

दूसरी तरफ, अपने और विपक्षी नेताओं के बयानी हमलों के बीच डिप्टी सीएम विजय शर्मा की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा प्रदेश में अपराधों के लिए नशा जिम्मेदार है। जनजागरूकता भी जरूरी है। प्रशासन तो कार्रवाई कर ही रहा है। 
 


अन्य पोस्ट