रायपुर

अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस कार्यक्रम का बहिष्कार करेंगे दिव्यांग
15-Nov-2024 4:41 PM
अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस कार्यक्रम का बहिष्कार करेंगे दिव्यांग

छह सूत्रीय मांगों को लेकर पैदल मार्च भी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 15 नवंबर।
छत्तीसगढ़ दिव्यांग सेवा संघ ने तीन दिसंबर को अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के बहिष्कार का ऐलान किया है। दिव्यांगजन   सीएम हाऊस तक पैदल मार्च भी करेंगे। दिव्यांग संघ के नेताओं का आरोप है कि फर्जी सर्टिफिकेट के सहारे नौकरी पाने वाले अधिकारी-कर्मचारियों की जांच नहीं हो रही है। संघ ने दिव्यांग वंदन योजना  सहित छह सूत्रीय मांग को लेकर आंदोलन का फैसला लिया है। 

छत्तीसगढ़ दिव्यांग सेवा संघ के प्रदेश अध्यक्ष बोहित राम चंद्राकर ने मीडिया से चर्चा में कहा कि पीएससी से चयनित डिप्टी कलेक्टर, लेखाधिकारी, नायब तहसीलदार सहित कुल 25 अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ शिकायत हुई थी। इन सभी दिव्यांग सर्टिफिकेट की राज्य मेडिकल बोर्ड से जांच कराने की मांग की थी। 

उन्होंने बताया कि किसी की भी जांच नहीं की गई। जबकि सरकार के सभी विभागों, और निगम मंडलों में सीधी-संविदा भर्ती के विज्ञापनों में दिव्यांगजनों के आरक्षित पदों पर चयनित उम्मीदवारों की जाइनिंग से पहले संभागीय मेडिकल बोर्ड से दिव्यांगता का भौतिक परीक्षण कराना जरूरी है। चंद्राकर ने बताया कि इस दिशा में शासन स्तर पर कोई कदम नहीं उठाया गया। इसी तरह दिव्यांग कोटे के बैकलाग पदों पर विशेष भर्ती अभियान के लिए विज्ञापन जारी करने की भी मांग की गई है। 

दिव्यांगजनों के लिए पांच हजार रूपए मासिक पेंशन, और पदोन्नति में आरक्षण के लिए कार्रवाई की भी मांग की गई। कोरोनाकाल के पहले  स्व रोजगार के लिए दिव्यांगजनों के द्वारा लिए गए निशक्तजन वित्त निगम के कर्ज को माफ करने की मांग की गई है। 


अन्य पोस्ट