रायपुर

रैगिंग: एक छात्र का नाम निलंबन आदेश से गायब
13-Nov-2024 4:26 PM
रैगिंग: एक छात्र का नाम निलंबन आदेश से गायब

अब खबरें लीक करने वाले छात्रों पर कार्रवाई के निर्देश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 13 नवंबर।
मेडिकल कॉलेज रैगिंग मामले में एंटी रैगिंग कमेटी की कार्रवाई पर प्रश्न चिन्ह उठने लगे हैं। एक ही दिन में एक छात्र का नाम हटा दिया गया । यह कहा जा रहा है कि नाम आया क्यों और हटा क्यों?। एंटी रैगिंग कमेटी द्वारा रविवार को  पहले दिन द्वितीय वर्ष के छात्र अँशु गुप्ता और दीपराज वर्मा के नाम से अलग अलग आदेश जारी कर दोनों को कॉलेज से सस्पेंड किया गया। और दूसरे दिन के आदेश में अंशु समेत पांच छात्रों के नाम से एक माह तक संस्पेंड करने की सूचना दी गई । और 11 नवंबर के आदेश में  दीप राज का नाम इसमें नहीं है कॉलेज प्रशासन की भूमिका और अधिक संदिग्ध हो गई है। 

इस बीच कॉलेज प्रबंधन ने रैगिंग संबंधी खबरें और कार्रवाई की सूचनाएं ब्लॉक कर दी है।एक एचओडी ने बताया कि डीन ने सभी एचओडी से रैगिंग को लेकर खबरें,सूचनाएं लीक करने वाले छात्रों पर नजर और कार्रवाई करने कहा है ।

एम्स में भी रैगिंग की शिकायत 
इधर, एम्स में भी रैगिंग की शिकायत सामने आई है। एम्स प्रबंधन ने इसकी जांच शुरू कर दी है।
एम्स प्रबंधन को सोमवार की देर रात रैगिंग की सूचना मिली थी। मंगलवार की सुबह एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक बुलाई गई। इसमें मामले की जांच कराने का निर्णय लिया गया है। बुधवार को जांच रिपोर्ट यूजीसी (यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन) को भेजी जाएगी। यूजीसी के एंटी रैगिंग हेल्पलाइन पर शिकायत की गई थी। यूजीसी ने इसकी जानकारी एम्स प्रबंधन को दी थी।हेल्पलाइन पर की गई शिकायत में कहा गया है कि एम्स में 14 नवंबर से शुरू होने वाले तीन दिवसीय ओरियाना कार्यक्रम की तैयारी की जा रही है। इसकी जिम्मेदारी सीनियर छात्रों को मिली है। 2022 बैच के सीनियर 2023 बैच के विद्यार्थियों से जबरदस्ती आयोजन की तैयारी में देर रात तक काम ले रहे हैं। साथ ही अभद्र व्यवहार भी करते हैं।


अन्य पोस्ट