रायपुर
सभी दोषियों के माता पिता कल शपथ पत्र के साथ बुलवाए गए
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 नवंबर। जेएनएम मेडिकल कॉलेज रायपुर में फर्स्ट ईयर एमबीबीएस छात्रों की रैगिंग के मामले में सीनियर पर कार्रवाई को लेकर कॉलेज प्रबंधन पूरी तरह से बचाव में नजर आ रहा है । रैगिंग का स्पष्ट मामला और इसे लेकर एंटी रैगिंग कमेटी की बैठकें, निलंबन के बाद भी दोषी सीनियर पर एफआईआर दर्ज नहीं कराया है।
कॉलेज के डीन और एंटी रैगिंग कमेटी के अध्यक्ष डॉ. विवेक चौधरी ने छत्तीसगढ़ से कहा है कि कल पुन कमेटी की बैठक की गई । और 2023 बैच के दोषी कुछ और सीनियर छात्रों को निलंबित किया गया । सभी को एक माह के लिए निलंबित रहेंगे?। इस बीच सभी छात्रों ये माता पिता को तलब कर शपथ पत्र लिया जाएगा। उसके बाद भी सीनियर रैगिंग या उससे संबंधित कोई भी हरकत जूनियर्स से करते हैं तो सारे विकल्प,प्रावधान खुले हैं।
यह पूछने पर कि जब रैगिंग साबित हो गया है, आपने निलंबित भी किया है, और अब एफआईआर क्यो नहीं कराया जा रहा। डॉ. चौधरी ने कहा कि वो भी बच्चे हैं, बच्चों को बच्चे जैसा ही ट्रीट किया जा रहा। बच्चे जब बड़ों जैसी कार्रवाई करते हैं तो हम हर तरह की कारवाई करेंगे।
एन्टी रैगिंग सेल को प्राप्त एनएमसी से ई-मेल से 8 नवंबर को प्राप्त शिकायत (क्रमांक सीजी 0046) के निराकरण के संबंध में सोमवार को अधिष्ठाता की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गयी। बैठक में द्वित्तीय एम.बी.बी.एस.-2 के छात्र अंशु जोशी, दीपराज वर्मा एवं अक्षत जायसवाल द्वारा रैगिंग संबंधी गतिविधी में शामिल होना पाया गया। छात्र विकास टंडन, गौरव चंद्र महाले एवं आयुष गुप्ता (बैच 2023) को इस प्रकरण में समर्थन करना पाया गया है। अत: उपरोक्त सभी छात्रो को 11 नवंबर से 1 माह के लिए पाठ्यक्रम से निलंबित किया गया है।
इसी संदर्भ में द्वितीय वर्ष एम.बी.बी.एस. 2023 बैच के उपरोक्त निलंबित सभी छात्र-छात्राओं के अभिभावकों को कल 13 नवंबर को एन्टी रैगिंग समिति के समक्ष उपस्थित होने एवं 10/- रूपये के नानज्यूडिशियल स्टाम्प पर नोटरी से सत्यापित शपथ पत्र लेने की अनुशंसा की गयी है। ताकि भविष्य में उनके पुत्र/पुत्री के द्वारा रैगिंग संबंधी किसी भी प्रकार की गतिविधियों में शामिल नहीं होने की गारंटी शपथ लिखित में दें। साथ ही उनके द्वारा रैगिंग संबंधी किसी भी गतिविधियों में शामिल पाये जाने की स्थिति में महाविद्यालय प्रबंधन द्वारा उनके विरूद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक एवं दण्डात्मक कार्यवाही किये जाने पर उन्हे किसी प्रकार की आपत्ति नहीं होगी। इसका भी उल्लेख करना होगा?
महाविद्यालय के द्वितीय एम.बी.बी.एस. 2023 बैच के समस्त छात्र-छात्राओं को रैगिंग संबंधी किसी भी गतिविधियों में शामिल पाये जाने पर महाविद्यालय प्रबंधन द्वारा उनके विरूद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक एवं दण्डात्मक कार्यवाही की कठोर चेतावनी पत्र जारी करने की अनुशंसा की गयी है। प्रथम एम.बी.बी.एस. 2024 बैच के छात्र-छात्राओं निर्देशित किया गया है कि यदि भविष्य में सीनियर छात्रो के द्वारा किसी प्रकार की रैगिंग संबंधी गतिविधियों पायी जाती है तो तत्काल एन्टी रैगिंग समिति में सूचना दें। रैगिंग समिति द्वारा छात्रों को रैगिंग जैसे अपराध के बारे में अवगत कराया गया।
डीन ने समस्त हॉस्टल वार्डन को नियमित रूप से हॉस्टल में राउण्ड लेने एवं छात्र-छात्राओं के गतिविधियों पर विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए ।
