रायपुर
रायपुर, 12 नवंबर। दक्षिण उपचुनाव के लिए दोपहर तक सभी 266 मतदान केंद्रों में मतदान दल पहुंच गए । इन सभी का सामान्य प्रेक्षक जी रेखा रानी समेत जिले के वरिष्ठ अफसरों ने पुष्प हार से विदा कर केंद्र पहुंचने पर आरती से स्वागत कराया गया। लेकिन इन केंद्र पहुंचे मतदान कर्मियों को दोपहर लंच नहीं दिया गया । एक केंद्र में जब कर्मियों ने लंच मांगा तो उन्हें बताया गया कि सुबह वितरण स्थल पर नाश्ता दिया गया था। अब लंच की व्यवस्था नहीं है। अब सीधे रात को डिनर पैक और कल बुधवार को तीन टाइम की व्यवस्था यानी नाश्ता, लंच और डिनर दिया जाएगा। इसके बाद तो कर्मियों और सुरक्षा बलों के जवानों ने अपनी व्यवस्था से दोपहर भोजन किया। जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि स्ट्रांग रूम (सेजबहार कॉलेज परिसर) में लंच नुमा नाश्ते की व्यवस्था की गई थी। कई कर्मियों ने ग्रहण भी किया। लेकिन मतदान केंद्रों में लंच के समय भोजन की व्यवस्था के प्रश्न पर वे चुप्पी साध गए। वहीं मतदान दलों में शामिल बीपी -शुगर के मरीज, इक्का दुक्का गर्भवती महिलाओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस संबंध में अधिकारियों ने बताया कि कर्मियों के मानदेय में ही भोजन की राशि दी जाती है। उसके बावजूद पृथक से भोजन व्यवस्था की जाती है। मानदेय से इसकी कटौती नहीं होती।