रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 नवंबर। रायपुर दक्षिण उप चुनाव के लिए प्रचार अभियान आज शाम थम गया । इससे पहले भाजपा और कांग्रेस के दिग्गजों ने पत्रकार वार्ताओं में एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप के तीर चलाए । भाजपा की ओर से चुनाव के संयोजक स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने दावा किया कि हमारा लक्ष्य पिछले चुनाव का रिकार्ड तोडऩा है।और इस बार 8 बार का रिकॉर्ड टूटेगा। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार में सरकार के 8 मंत्रियों और 18 विधायकों ने प्रचार कर बूथ स्तर पर प्रबंधन सम्हाला है। हमारी सरकार ने विस क्षेत्र और हितग्राही स्तर पर हर मोर्चे पर काम किया है।
पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस पूरी एकजुटता से चुनाव पड़ी। वहीं बीजेपी में गुटबाजी चरम पर रही। चुनाव में एक ही गुट सक्रिय दिखा। बैज ने कहा कि भाजपा सरकार का एक भी काम धरातल पर नहीं दिखता।अन्य विस क्षेत्रों की तुलना में दक्षिण में विकास कम दिखाई देता है ।
बैज ने कहा कि कल प्रेस कांफ्रेंस में श्री बृजमोहन दावा कर रहे थे कि अपने विधानसभा क्षेत्र मे उन्होने 5000 करोड़ का विकास कार्य करवाया है।उनको चुनौती देते हैं कि इस तथा कथित विकास कार्य की सूची सार्वजनिक करें।इस चुनाव मे जनता भाजपा सरकार के 11 माह के कुशासन के खिलाफ मतदान करेगी इस चुनाव मे जनता प्रदेश की बिगड़ चुकी कानून व्यवस्था के खिलाफ रोज हो रही हत्याओ लूट बल्तकार की घटनाओ के विरोध मे मतदान करेगी।