रायपुर

718 परिवारों में सुलह कराया महिला पुलिस परामर्श केंद्र ने
03-Nov-2024 6:42 PM
718 परिवारों में सुलह कराया महिला पुलिस परामर्श केंद्र ने

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 3 नवंबर। पुलिस के परिवार परामर्श केंद्र में पति पत्नी के बीच विवाद, घरेलू हिंसा के मामलों की कॉउंसलिंग करायी जा रही है। वर्तमान में परिवार परामर्श केंद्र में 22 कॉउंसलर अपनी सेवाएं दे रहे हैं उनके प्रयासों से परिवार टूटने से बचाया जा रहा है।  इसमें ऐच्छिक काउंसलरों की भूमिका बहुत ही सराहनीय हैं, जो समाज के विभिन्न क्षेत्रों से है।

इस वर्ष  जनवरी से अगस्त तक महिला थाना रायपुर में 1656 शिकायत  लिखित में प्राप्त हुए थे। इनमे 718 शिकायतों में दोनों पक्षों के बीच सुलह कराई गई। फारेस्ट कॉलोनी पंडरी  निवासी इस दंपत्ति सी  शादी वर्ष 2004 में सामाजिक रीति रिवाज से हुई थी।  पारिवारिक कारणों को लेकर पति पत्नी में आये दिन वाद विवाद, लड़ाई झगडा, मारपीट होती रही?

मुख्य विवाद का कारण पति का मानसिक रूप से अत्यंत संकीर्ण होना एवं शराब के नशे में आवेदिका एवं बच्ची को भी मारपीट करने  से तंग आकर आवेदिका द्वारा अपने पति  के विरुद्ध शिकायत आवेदन महिला थाना रायपुर में दी थी। अभियान निजात के तहत शराब कम करने की अलग से काउंसलिंग हुई। विवाद पर विधिवत तीन कॉउंसलिंग कराई गयी। कॉउंसलिंग सफल रहा। अनावेदक वर्तमान में कंप्यूटर कार्य कर रहा है एवं शराब सेवन भी कम कर दिया है। छोटी बच्ची को भी राहत मिली। परिवार में आपसी सामजस्य बनाकर प्रेमपूर्वक साथ में रह रहे है। 

2021 में विवाहित पति पत्नी सुभाष चौक बीरगांव रायपुर में निवासरत है।   विवाह के तीन माह बाद ही सास एवं पति द्वारा  प्रताडि़त करने की बात पर महिला थाना में शिकायत की थी।  पति एवं सास को महिला परामर्श केंद्र बुलाकर समझाइष दी गयी जिसके बाद वर्तमान में आवेदिका अपने पति एवं सास के साथ शांति पूर्ण जीवन यापन कर रही है। 

अश्वनी नगर जगन्नाथ मंदिर के पीछे लाखे नगर निवासी 28 वर्षीय विवाहिता की शिकायत पर पति एवं ससुराल वालों की कॉउंसलिंग कराई गई। अभी दोनों पक्ष वर्तमान में प्रेमपूर्वक साथ में रह रहे है।

टाटीबंध निवासी युवती ने   एक वर्ष पूर्व ही उसका प्रेम विवाह किया था।  इस नाराजगी के कारण ससुराल वालो के प्रताडित करते रहे।आवेदिका की शिकायत पर तीन कॉउंसलिंग कराई गयी। दोनों पक्षों में हुए समझौते के बाद  वर्तमान में टाटीबंध के पास किराये के मकान  में पति पत्नी प्रेमपूर्वक रह रहे है।

चंगोरा भाठा अशोका मार्ट के बाजू निवासरत आवेदिका एवं अनावेदक की शादी 17 वर्ष पूर्व हुई थी।  विगत दो वर्षो से पति आये दिन छोटी छोटी बातों को लेकर लड़ाई झगड़ा करता। इसकी लिखित शिकायत पर महिला थाना पुलिस  परामर्श केंद्र के  काउंसलर में दोनों पक्षों को समझाया। वर्तमान में पति ढाबा संचालन कर परिवार का पालन पोषण एवं सुखी वैवाहिक जीवन व्यतीत कर रहा है।


अन्य पोस्ट