रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 3 नवंबर। रायपुर दक्षिण उप चुनाव के तहत आज सामान्य प्रेक्षक श्रीमती जी. रेखा रानी, व्यय प्रेक्षक कनुप्रिया दमोर एवं पुलिस प्रेक्षक करण शर्मा एवं कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. गौरव सिंह ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक ली। डी आर ओ डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि चुनाव में पूरी पारदर्शिता बरती जाएं। मतदाता अपना मतदान के पूर्व पहचान पत्र अनिवार्य रूप से रखें। बीएलओ के माध्यम से मतदाता पर्ची का वितरण किया जा रहा है।
मतदाता बीएलओ से संपर्क कर मतदाता पर्ची ले सकते है। 85 से अधिक उम्र के बुजुर्गों एवं दिव्यांग 5 एवं 6 नवंबर को मतदान कर सकेंगे।
सभी प्रत्याशियों व दलों को मतदान दिवस एवं मतदान के एक दिन पूर्व मीडिया में प्रकाशित होने वाले विज्ञापनों का प्रमाणन मीडिया प्रमाणन एवं निगरानी समिति से अनिवार्य रूप से कराना होगा। रिटर्निंग आफिसर पुष्पेंद्र शर्मा ने बताया कि सभी राजनैतिक दल के प्रत्याशियों को अपने अपराधिक पृष्टभूमि की जानकारी प्रचार समाप्ति तक तीन बार देनी होगी। प्रत्याशियों के लिए व्यय की सीमा निर्धारित है।
इस बैठक में एसएसपी संतोष सिंह, निगम आयुक्त अबिनाश मिश्रा, सहायक कलेक्टर सुश्री अनुपमा आनंद, उप जिला निर्वाचन अधिकारी उमाशंकर बंदे, रिटर्निंग ऑफिसर पुष्पेंद्र शर्मा एवं राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
10 हजार से अधिक नकद भुगतान नहीं
चुनाव व्यय को लेकर लेखा प्रशिक्षण एवं सह कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें व्यय प्रेक्षक कनुप्रिया दमोर शामिल हुई। प्रशिक्षण में बताया गया कि अभ्यर्थी को निर्वाचन व्यय के लिए अलग से नया बैंक खाता खोलना आवश्यक है। उक्त खाता से केवल निर्वाचन संबंधी व्ययों का भुगतान, न कि व्यक्तिगत व्ययों का भुगतान होगा। किसी भी एक मद में किसी भी एक संस्था को दस हजार से अधिक का नगद भुगतान प्रतिबंधित रहेगा। दस हजार से अधिक व्ययों का चेक, आरटीजीएस, एनईएफटी के माध्यम से भुगतान अनिवार्य है। प्रत्याशी के स्वयं के वाहन का विधिवत प्रचार-प्रसार हेतु अनुमति प्राप्त होने पर व्यय से छूट, परंतु वाहन प्रत्याशी के नाम पर पंजीकृत होने पर आर.सी. बुक की छायाप्रति अनिवार्य है। शेष अन्य मद यथा डीजल, वाहन चालक, ध्वनिविस्तारक यंत्र का व्यय लागू होगा। निर्वाचन व्यय के लिए लेखा पंजी का संधारण, अंतिम लेखा जमा होने तक लेखा पंजी एवं निर्वाचन व्यय से संबंधित समस्त दस्तावेजों को सुरक्षित रखना अनिवार्य है। पंजी में सफेद पृष्ठ दैनिक लेखा पंजी भाग-अ में, नगद प्राप्ति, भुगतान पंजी भाग-ब में तथा बैंक खाता में प्राप्ति, भुगतान पंजी भाग-स में दर्शित है। निर्वाचन तक व्ययों का मिलान हेतु तीन बार उपस्थिति अनिवार्य है। लेखा मिलान के लिए समस्त भुगतान के व्हाउचर, बिल की मूल व स्व-प्रमाणित छायाप्रति, उस दिनांक तक अपडेटेड बैंक पास बुक, स्टेटमेंट की मूल व स्व-प्रमाणित छायाप्रति एवं मूल निर्वाचन व्यय पंजी सहित उपस्थित होना आवश्यक है।
ईवीएम कमीशनिंग 5 को सेजबहार कॉलेज में
ईवीएम मशीनों की कमीशनिंग का कार्य 5 नवंबर को प्रात: 10.00 बजे से किया जाएगा। यह कार्य सेजबहार स्थित ई-ब्लाक शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय में होगा। इस प्रक्रिया में मेसर्स इलेक्ट्रानिक कार्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड, हैदराबाद के इंजीनियर सभी वीवीपैट मशीनों में सिंबल लोडिंग करेंगे। सभी मशीनों में एक मत डालकर तथा रेण्डम् रूप से चुने गये 5 प्रतिशत मशीनों पर 1000 मत डालकर मॉकपोल किया जायेगा। सीईओ श्रीमती रीना कंगाले ने सभी प्रत्याशियों से कहा है कि वे कमीशनिंग की प्रक्रिया के अवलोकन ये लिए उपस्थित रहकर इसकी निष्पक्षता के संबंध में पूरी तरह आश्वस्त हो।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर डॉ गौरव कुमार सिंह ने ईवीएम का सप्लीमेंट्री रेंडमाइजेशन किया । इस दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और ईवीएम के प्रभारी यू.एस. अग्रवाल और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।