रायपुर

नवा रायपुर के लिए ट्रेन चलाने तैयार रेलवे, इंस्पेक्शन पूरा
03-Nov-2024 2:37 PM
नवा रायपुर के लिए ट्रेन चलाने तैयार रेलवे, इंस्पेक्शन पूरा

 अप डाउन के लिए दो ट्रेनें पहले ही स्वीकृत 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 3 नवंबर। 
रायपुर सिविल स्टेशन से नया रायपुर होकर अभनपुर के लिए पहली ट्रेन इसी माह शुरू हो सकती है।
और दोनों शहरों के बीच सफर महज 37 मिनट का हो जाएगा।अभी  कार, बस से जाने में करीब एक -सवा घंटे लगते हैं।
बिलासपुर जोन और रायपुर मंडल के वरिष्ठ अफसरों की उच्च स्तरीय टीम ने कल ट्रैक फिटनेस  इंस्पेक्शन और यात्री सुविधाओं से संबंधित निरीक्षण पूरा कर लिया है। यह निरीक्षण मंदिर हसौद से अभनपुर तक किया गया ।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश त्रिवेदी ने छत्तीसगढ़ से चर्चा में आगे  कहा कि हम ट्रेन चलाने तैयार हैं?। उन्होंने इस बात से इंकार नहीं किया कि दोनों शहरों के बीच  नवंबर में ट्रेन सुविधा शुरू हो सकती है ।

जैसा कि पूर्व में जानकारी दी जा चुकी है यह ट्रेनरायपुर से छूटकर मंदिर हसौद, उद्योग नगर, सीबीडी नया रायपुर, केंद्री और  अभनपुर पहुंचेगी। रायपुर से सुबह 9बजे रवाना होकर 9:37 मिनट में अभनपुर पहुंचेगी  शाम 4:20 को छूट कर 4:57 बजे तक नया रायपुर पहुंचेगी, वही ट्रेन शाम 5:30 बजे अभनपुर पहुंचेगी। इस ट्रेन में आठ बोगी होगी। 

2009 से विकसित हो रहे नवा रायपुर के लिए ट्रेने का परिचालन शुरू होने से बसाहट बढ़ाने में काफी मदद मिलेगी। इससे रहवासियों के यात्रा व्यय और समय दोनों की बचत होगी। बताया जा रहा है  यात्रियों को बस किराया 45 रुपए देना पड़ता है लोकल ट्रेन में 10 रुपए किराया  देना पड़ेगा।मंत्रालय में कामकाज के सिलसिले में नवा रायपुर जाने वाले डोंगरगढ़ से लेकर रायगढ़ तक के लोगों को रायपुर सिविल स्टेशन से ही ट्रेन की सुविधा मिलेगी।   वहीं रायपुर के गुढिय़ारी  फाफाडीह श्रीनगर और अन्य इलाकों  से नया रायपुर जाने वाले भी इस ट्रेन में सफर कर सकेंगे। नया रायपुर के सचिवालय, संचालनालय, और अन्य कार्यालयों के अप डाउन करने वाले कर्मियों की सुविधा को देखते हुए समय में कुछ परिवर्तन भी किया जा सकता है । रायपुर से अभनपुर के बीच दो लोकल मेमू ट्रेन चलाई जाएगी इसे चलाने रेलवे बोर्ड ने पहले ही अपनी सहमति दे दी है। 

पीएम मोदी दिखा सकते हैं हरी झंडी
इस बीच राज्य प्रशासन में चर्चा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का बिरसा मुंडा जयंती पर 15 नवंबर को रायपुर आने का कार्यक्रम है। संभवत: उस दिन पीएम इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएं। रेल प्रशासन भी  इसे लेकर अलर्ट पर है।


अन्य पोस्ट