रायपुर
रायपुर, 3 नवंबर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राजीव भवन में पत्रकारवार्ता में कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था बद से बद्तर होती जा रही है। दीपावली के तीन से चार दिनों में राजधानी क्षेत्र में रायपुर भिलाई में कुल 11 हत्यायें हुई है। जब प्रदेश का सबसे बड़ा त्योहार हो तब यह उम्मीद की जाती है, सरकार और पुलिस कानन व्यवस्था बनाये रखने अतिरिक्त सतर्कता बरतेगी। उस समय चार दिनों में 11 हत्यायें होना राज्य की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। छत्तीसगढ़ की स्थिति तो बिहार, यूपी से भी ज्यादा डरावनी हो गयी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश में दामाखेड़ा जैसे अब धार्मिक स्थल भी सुरक्षित नही है। तो आम आदमी की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
बलरामपुर, सूरजपुर और बलौदाबाजार की घटनाओं का उल्लेख करते हुए बैज मे कहा कि प्रदेश की रोज-रोज घट रही अपराधिक घटनाओ के बाद जनता की प्रतिक्रिया यह बताने के लिये पर्याप्त है। विपक्ष के रूप में हमने सबसे ज्यादा सवाल कानून व्यवस्था को लेकर सदन से सडक़ तक उठाया है, लेकिन सरकार है कि उसकी नींद नहीं टूट रही। बैज ने कहा कि हम मांग करते है कि सरकार के मुखिया, गृहमंत्री को तत्काल पद से हटाया जाये।