रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 30 अक्टूबर। तहसील कार्यालय के दिवंगत लिपिक प्रदीप उपाध्याय को श्रध्दांजलि देने इंद्रावती भवन से लेकर पूरे प्रदेश के सरकारी दफ्तरों में कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के सदस्यों ने 2 मिनट का मौन धारण किया। इस मौके पर फेडरेशन के नेताओं कर्मचारियों ने प्रदीप को प्रताडि़त करने वाले रायपुर तीन डिप्टी कलेक्टरों पर जमकर आक्रोश जताया।
सर्व ब्राह्मण समाज का प्रतिनिधि मंडल राजभवन पहुंचा और दोषियों पर कार्यवाही की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। सर्व ब्राह्मण समाज अध्यक्ष ललित मिश्रा ने कहा कि वे इस संबंध में मुख्यमंत्री और गृहमंत्री को भी ज्ञापन सौंपेंगे । इसके अलावा पूरे प्रदेश भर में ब्राह्मण समाज द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
इधर पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, शहर कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे ने भी पुरानी बस्ती थाने में प्रदीप उपाध्याय की मौत के जि़म्मेदार लोगो के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने पत्र सौंपा।