रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 30 अक्टूबर। केंद्र सरकार ने सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती 31अक्टूबर के मौके पर सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाने के आदेश जारी किए हैं। मुख्य सचिव को भेजे पत्र में इसे 28 से शुरू कर 3 नवंबर तक मनाया जाना है ।
इस वर्ष यह सप्ताह सत्यनिष्ठा की संस्कृति से राष्ट्र की समृद्धि थीम पर मनाया जाएगा। इस दौरान सभी शासकीय अधिकारी कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ लेने कहा गया है। इसमें ईमानदार प्रशासन देने पर जोर रहेगा ।
केंद्रीय सतर्कता आयोग के निर्देश अनुसार सभी आयोजन किए जाएंगे। आयोग का मानना है कि देश के विकास प्रशासन चाहे वह राज्यों में या केंद्रीय प्रशासन में भ्रष्टाचार, विकास में बड़ी बाधा बना हुआ है। इस पर रोक लगाने के आग्रह के साथ पाम्पलेट वितरण, कार्यशाला संगोष्ठी आयोजित कर जन जागरूकता बढ़ाई जाए।
दूसरी ओर यह पूरा सप्ताह त्योहारों पर अवकाश की भेंट चढ़ता नजर आ रहा है। सोमवार को पहले दिन शपथ के आयोजन होने थे। लेकिन प्रदेश में किसी भी दफ्तर में इसके आयोजन के लेकर कोई खबर नहीं मिली है।