रायपुर

निकायों में आरक्षण, ओबीसी को बड़ा नुकसान, केवल चार जिलों में फायदा
29-Oct-2024 4:19 PM
निकायों में आरक्षण, ओबीसी को बड़ा नुकसान, केवल चार जिलों में फायदा

रायपुर जैसे निगमों में अनारक्षित सीटें घटेंगी?

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 अक्टूबर।
स्थानीय निकायों में नई आरक्षण नीति से ओबीसी तबके को बड़े नुकसान का अंदाजा लगाया जा रहा है। एक जानकार के मुताबिक 14 जिलों के स्थानीय निकायों में  ओबीसी वर्ग का प्रतिनिधित्व नहीं रहेगा। इसके उलट रायपुर में ओबीसी वर्ग को फायदा होगा, तो अनारक्षित सीटें घट सकती हैं। इन सबके बीच नई नीति से अनुसूचित जनजाति वर्ग को बड़ा फायदा होगा। 

कैबिनेट ने स्थानीय निकायों के चुनाव के लिए नई आरक्षण नीति को मंजूरी दी है। इससे पहले तक ओबीसी आरक्षण 25 फीसदी तक मिलता रहा है। नई नीति से नगरीय निकायों, और पंचायतों के आरक्षण में बड़ा बदलाव होगा। एक प्रमुख जानकार का मानना है कि 14 जिलों में स्थानीय निकायों में ओबीसी वर्ग का प्रतिनिधित्व शून्य रहेगा। हालांकि पहले भी अनुसूचित क्षेत्रों में गैरआदिवासियों का प्रतिनिधित्व नहीं रहता था लेकिन इससे बाहर के कुछ इलाके अंबागढ़ चौकी-मानपुर-मोहला जैसे इलाकों में ओबीसी को भी प्रतिनिधित्व मिलता रहा है। मगर नई नीति से इन इलाकों में भी ओबीसी का प्रतिनिधित्व नहीं रहेगा। 

जानकार बताते हैं कि चार जिले रायपुर, दुर्ग, बालोद, और खैरागढ़ में ओबीसी वर्ग को फायदा होगा, और पहले की तुलना में आरक्षित सीटें बढ़ सकती हैं। इन जिलों में वर्तमान में ओबीसी को 25 फीसदी से अधिक आरक्षण मिल सकता है। एक अंदाजा यह भी लगाया जा रहा है कि विशेषकर रायपुर जैसे नगर निगमों में अनारक्षित सीटें घट सकती हैं, और ओबीसी की सीटें बढ़ सकती हैं। नई आरक्षण नीति से आदिवासी वर्ग को जबर्दस्त फायदा होने का अनुमान है जबकि अनुसूचित जाति वर्ग का आरक्षण यथावत रहेगा। ओबीसी को बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है। 

सोमवार को स्थानीय निकाय चुनाव के लिए विश्वकर्मा आयोग की सिफारिश को कैबिनेट की मंजूरी के बाद हलचल तेज हो गई है, और अधिसूचना जारी होने के बाद प्रभावित पक्ष अदालत का दरवाजा खटखटा सकते हैं। कुल मिलाकर आने वाले दिनों में राजनीतिक हलचल तेज होने के आसार हैं। 


अन्य पोस्ट