रायपुर
सोनी के समर्थन में दावेदार चार ब्राम्हण नेताओं की पत्रकारवार्ता
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 27 अक्टूबर। निगम नेता प्रतिपक्ष श्रीमती मीनल चौबे, वरिष्ठ नेता सुभाष तिवारी ,भाजपा प्रवक्ता मुकेश शर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक पांडे, भाजपा पार्षद दल प्रवक्ता मृत्युंजय दुबे ने दक्षिण के दंगल के सिलसिले में पत्रकार वार्ता की। इस दौरान सभी नेताओं ने सुनील सोनी को निष्क्रिय बताने वाले कांग्रेसियों को महापौर ,सांसद के रूप में रायपुर शहर के विकास के कार्य गिनाए। साथ ही वर्तमान महापौर एजाज ढेबर और उनके राजनीतिक गुरू पूर्व सीएम भूपेश बघेल पर कई आरोप लगाए। इन्होंने बताया कि रायपुर का आज जो राजधानी स्वरूप दिख रहा है वह 2018तक रमन सरकार, सुनील सोनी और भाजपा विधायकों की देन है। सोनी ने ही 5 टंकियों वाले रायपुर के लिए 303. करोड़ की जलापूर्ति योजना लाई और 2009 तक 32 टंकियों का निर्माण के साथ घर घर पानी पहुंचा से। इस योजना ने 20 वर्ष की जरूरत को पूरा किया। शहर के सभी प्रमुख चौक चौराहों में ट्रैफिक सिग्नल, घर घर से कचरा कलेक्शन के लिए रिक्शा योजना शुरू करवाया। दुबे ने कहा कि शहर की सभी बड़ी चौड़ी सडक़े सोनी के कार्यकाल की है। जीई रोड गौरव पथ बनवाया । उसके बाद किसी भी कांग्रेस के महापौर ने कोई विकास कार्य नहीं कराया। 5वर्ष में ढेबर ने एक भी सडक़ नहीं बनवाई जिसे गिनाया जा सके।
दुबे ने आरोप लगाया कि ढेबर और उनके मुख्य मंत्री बघेल ने गोलबाजार को बेच कर एक हजार रूपए कमाकर शहर के विकास की बात कही थी। इसमे एक ईंट भी नहीं रखी। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट से 767 करोड़ रूपए मिले,इससे रायपुर की सूरत इतिहास बदल सकते थे लेकिन नहीं किया। निगम के इंडोर आउटडोर स्टेडियम , दिग्विजय सिंह के कार्यकाल से अटके पड़े थे। सुनील सोनी ने रमन सिंह सरकार से 200 करोड़ रूपए लेकर पूरा कराया और नाम दिया बलबीर सिंह जूनेजा का। सोनी के ही कार्यकाल केनाल रोड बना।तालाबों, बगीचों का सौंदर्यीकरण करवाया। यहां तक कि निगम मुख्यालय व्हाइट हाउस भी सोनी के कार्यकाल में बना। ऐसे ही विकास कार्यों के लिए सोनी को जनता अपना समर्थन दें।
नेता प्रतिपक्ष मीनल चौबे ने कहा कांग्रेस के लगातार तीन महापौर के कार्यकाल में शहर में विकास रूक सा गया। वे तीनों सुनील सोनी के कराए विकास कार्यों का मेंटेनेंस तक नहीं करा सके। शहर खस्ताहाल हो गया है। अवैध कब्जों की भरमार है। ढेबर के कार्यकाल में तो घोटाले हुए हैं।