रायपुर

माना एयरपोर्ट में 5 मिनट पिक ड्रॉप फ्री, बाइक आटो को एंट्री नहीं
27-Oct-2024 4:08 PM
माना एयरपोर्ट में 5 मिनट पिक ड्रॉप  फ्री, बाइक आटो को एंट्री नहीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 27 अक्टूबर। 
माना एयरपोर्ट प्रबंधन ने  परिसर में प्रवेश व पार्किंग की नई दरें तय कर दिया है। पिक एंड ड्राप यदि 5 मिनट में कर लिया जाए तो कोई पार्किंग शुल्क नहीं देना होगा । आगमन लेन पर पिक-अप के लिए आने वाले वाणिज्यिक वाहनों के लिए शुल्क - 60 रुपये (0 से 30 मिनट के लिए)। हालांकि, टर्मिनल बिल्डिंग के सामने प्रतीक्षा करने की अनुमति नहीं है। राशि का भुगतान आगमन लेन में कार पार्किंग ठेकेदार को उचित रसीद के साथ किया जाएगा। टर्मिनल बिल्डिंग के सामने बाइक और आटो  का प्रवेश सख्त वर्जित है। आदेश का उल्लंघन करने पर 500 रुपए का जुर्माना वसूला जाएगा। और उचित धन रसीद के साथ टर्मिनल मैनेजर को जमा किया जाएगा।

नाइट पार्किंग वाहन के लिए, मालिक को कार पार्किंग प्रबंधक के निर्देशानुसार वाहन पार्क कर डीएल, आरसी की ज़ेरॉक्स कॉपी जमा करनी होगी।और चाबियां कार पार्किंग प्रबंधक को सौंपनी होंगी। ऐसा न करने पर कार पार्किंग प्रबंधक टर्मिनल प्रबंधक के साथ साथ माना ट्रैफिक पुलिस को भी सूचित करेगा। माना ट्रैफिक पुलिस वाहन को कार पार्क क्षेत्र से निकटतम पुलिस स्टेशन तक ले जाएगी ।

इसी तरह से निजी वाहनों को भी केवल वरिष्ठ नागरिकों, शारीरिक रूप से विकलांग व्यक्तियों, व्हीलचेयर यात्रियों, गर्भवती महिलाओं, गोद में बच्चे के लिए आगमन लेन के सामने से पिक-अप करने की अनुमति होगी । किसी भी हालत में किसी भी वाहन को टर्मिनल बिल्डिंग के सामने इंतजार वेटिंग की अनुमति नहीं है। हितधारक, एयरलाइंस, रोजमर्रा के हवाई अड्डे के संचालन से संबंधित अन्य एजेंसियां कार मासिक पास प्राप्त कर सकती हैं। बिना वैद्य पास के किसी भी वाहन को पार्किंग क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति नहीं है।

आरसी, डीएल, चाबी जमा कराने से दुरूपयोग की आशंका
नाइट पार्किंग के लिए तय किए गए शर्त को लेकर प्रश्न चिन्ह उठाए गए हैं। इसमें आरसी बुक, ड्राइविंग लाइसेंस फोटो कापी के साथ कार की चाबी भी पार्किंग मैनेजर के पास जमा करने अनिवार्य होगा। यात्रियों का कहना है कि इसमें इन तीनों ही सबूतों के पार्किंग कर्मियों के द्वारा दुरूपयोग होने की आशंका बनी रहेगी। आरसी,डीएल के फोटोकापी के जरिए आनलाइन सिस्टम पर जाकर मूल दस्तावेज से छेड़छाड़ की जा सकती है। और चाबी जमा करने पर ये कर्मचारी, वाहन मालिक की वापसी तक उपयोग, दुरूपयोग किया जा सकता है। मामला कानून व्यवस्था की होने की स्थिति  में वाहन मालिक की परेशानी बढ़ सकती है। क्योंकि पार्किंग ठेका फर्म का कोई भी कर्मचारी कैरेक्टर और पुलिस वेरिफाइड नहीम होता। न ही फर्म इनका वेरिफिकेशन कराती है। बताया गया है कि  देश के किसी भी बड़े या व्यस्ततम  एयरपोर्ट में भी ऐसे नियम नहीं है। हैदराबाद, और अन्य  बड़े शहरों के एयरपोर्ट पर इंट्री के समय मिलने वाली पर्ची के आधार पर वापसी में कुल घंटे की पार्किंग समय का आंकलन कर एक मुश्त राशि ली जाती है। वहां ऐसा दस्तावेज जमा करने का कोई नियम नहीं है। 
 


अन्य पोस्ट