रायपुर

भाजपा ने सीनियर नेताओं को प्रचार में लगाया, कौशिक को मंडल का जिम्मा
25-Oct-2024 7:25 PM
भाजपा ने सीनियर नेताओं को प्रचार में लगाया, कौशिक को मंडल का जिम्मा

दीवाली के बाद सीएम प्रचार में उतरेंगे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 25 अक्टूबर। भाजपा ने रायपुर दक्षिण में सीनियर नेताओं को चुनाव संचालन का जिम्मा दिया है। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक को सिविल लाइन, और अमर अग्रवाल को सदर बाजार मंडल की जिम्मेदारी दी गई है।

रायपुर दक्षिण में भाजपा ने चुनाव प्रचार के लिए सीनियर नेताओं को लगाया है। वैसे तो सरकार के मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, और शिवरतन शर्मा चुनाव प्रभारी हैं। लेकिन चुनाव संचालन का जिम्मा खुद सांसद बृजमोहन अग्रवाल संभाल रहे हैं।

बताया गया कि रायपुर दक्षिण विधानसभा में चार मंडल आते हैं। हरेक मंडल में पांच वार्ड हैं। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कौशिक को सिविल लाइन मंडल का प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ पुरंदर मिश्रा रहेंगे। इसके अलावा सदर बाजार मंडल की जिम्मेदारी पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल को सौंपी गई है। इससे परे पूर्व मंत्री राजेश मूणत को लाखेनगर मंडल का प्रभारी बनाया गया है। कुशालपुर मंडल का जिम्मा रायपुर ग्रामीण के विधायक मोतीलाल साहू को दिया गया है।

भाजपा प्रत्याशी सुनील सोनी वार्ड वार बैठकें कर रहे हैं, और लोगों से जनसंपर्क कर रहे हैं। सुनील सोनी जल्द ही बृजमोहन अग्रवाल और अन्य सभी नेताओं के साथ जनसंपर्क करेंगे। दीवाली के बाद सीएम विष्णुदेव साय और डिप्टी सीएम अरूण साव सहित अन्य नेता प्रचार में उतरेंगे। दीवाली के बाद आक्रामक प्रचार की रणनीति बनाई गई है। रायपुर दक्षिण में 13 नवंबर को मतदान होगा।

कांग्रेस: दूसरी ओर पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने शुक्रवार को दोपहर कांग्रेस भवन में बैठक ली। इसमें पूर्व सीएम भूपेश बघेल, पूर्व अध्यक्ष धनेन्द्र साहू समेत सभी वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक में कांग्रेस के प्रचार अभियान, और बूथ मैनेजमेंट को लेकर चर्चा की गई। अगले कुछ दिनों में बघेल और बैज भी रायपुर में सभाएं लेंगे।


अन्य पोस्ट