रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 अक्टूबर। बी.एस.सी. नर्सिंग पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए न्यूनतम परसेंटाईल की बाध्यता को समाप्त एवं प्रवेश की अंतिम तिथि 30 नवम्बर तक बढ़ाने की मांग जोर पकड़ रही है। आयुक्त चिकित्सा शिक्षा ने नर्सिंग काउंसिल के सचिव को इस पर एक पत्र भेजा है।
आयुक्त ने कहा है कि बी.एस.सी. नर्सिंग पाठ्यक्रम में प्रथम चरण की काउंसिलिंग उपरांत स्वीकृत सीटों के विरुद्ध लगभग 35 प्रतिशत सीटें में ही प्रवेश हो पाया है, जिसके कारण निजी नर्सिंग महाविद्यालयों की लगभग 65 प्रतिशत सीटें रिक्त हैं।
वर्ष 2024 के लिये बी.एस.सी. नर्सिंग पाठ्यक्रम की प्रवेश परीक्षा में 14421 अभ्यर्थी, कम परसेंटाईल के कारण नॉट क्वालिफाइ ठहराये गये हैं। ऐसे अभ्यर्थी ऑनलाईन रजिस्ट्रेशन नहीं करा पा रहे हैं तथा ऐसे अभ्यर्थी निजी नर्सिंग महाविद्यालयों से प्रवेश हेतु सम्पर्क कर रहे हैं। ये सभी अभ्यर्थी भारतीय उपचर्या परिषद के बी.एस.सी. नर्सिंग पाठ्यक्रम में प्रवेश हेतु निर्धारित न्यूनतम मापदण्ड को पूर्ण करते हैं। विगत वर्षों में भी प्रवेश परीक्षा में सम्मिलित सभी छात्रों को मेरिट के आधार पर बी.एस.सी. नर्सिंग पाठ्यक्रम मे। प्रवेश की अनुमति प्रदान की गई थी, एवं विश्वविद्यालय के समेस्टर परीक्षाओं में इन छात्रों ने बहुत अच्छे अंक अर्जित किये हैं।
अत: छात्रहित में बी.एस.सी. नर्सिंग पाठ्यक्रम में प्रवेश हेतु परसेंटाईल की बाध्यता को समाप्त करने एवं प्रवेश की अंतिम तिथि 30 नवम्बर तक वृद्धि करने प्रस्ताव प्रेषित है।