रायपुर
टेंडर की शर्तों का सही ढंग से पालन नहीं करने का आरोप
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 अक्टूबर। यह एक ऐसा मामला है जिसमें नवा रायपुर विकास प्राधिकरण में मैन पॉवर उपलब्ध कराने वाली कंपनी पर दंडात्मक कार्रवाई के बाद भी अनुबंध बढ़ाने की तैयारी है। इस पूरे मामले की शिकायत अलग-अलग स्तरों पर हुई है।
नवा रायपुर में आउट सोर्सिंग के जरिए मैन पॉवर और सुरक्षाकर्मी उपलब्ध कराने के लिए टेंडर के जरिए टॉप ग्रेट मैन पॉवर एण्ड सिक्युरिटी सर्विसेस का चयन किया गया था। यह चयन पिछली सरकार में हुआ था। मगर कंपनी द्वारा अनुबंध की शर्तों का पालन सही ढंग से नहीं किया गया।
बताया गया कि प्राधिकरण द्वारा अनुबंध और टेंडर दस्तावेजों में उल्लेखित शर्तों का पालन के लिए एनआरडीए प्रबंधन ने कई बार मौखिक रूप से निर्देशित भी किया था। यही नहीं जून 2022 से नवंबर 2023 तक कंपनी को आधा दर्जन बार नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया। कंपनी द्वारा सही ढंग से सर्विस उपलब्ध नहीं कराने और अनुबंध की शर्तों का पूरी तरह पालन नहीं करने पर देयकों में दो फीसदी की कटौती भी की गई थी। यह आदेश भी दिया गया था।
अब अनुबंध की अवधि खत्म होने के बाद नया टेंडर बुलाने के बजाय कंपनी का अनुबंध एक साल के लिए और बढ़ाने की तैयारी चल रही है। इस दिशा में फाइल बढ़ा दी गई है। हालांकि इसको लेकर शिकायतें भी विभागीय मंत्री ओपी चौधरी, और सचिव अंकित आनंद से की गई है।