रायपुर

महिला बाल विकास सचिव की पीएमओ में शिकायत, क्षेत्राधिकार से बाहर काम करने का आरोप
24-Oct-2024 6:28 PM
 महिला बाल विकास सचिव की पीएमओ में शिकायत, क्षेत्राधिकार से बाहर  काम करने का आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 24 अक्टूबर। महिला बाल विकास विभाग की सचिव आईएएस शम्मी आबिदी की भाजपा ने पीएमओ में शिकायत की है। आरटीआई प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ विजय शंकर मिश्रा ने सचिव केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग, सीएम विष्णु देव साय और मुख्य सचिव अमिताभ जैन से को भी प्रतिलिपि भेजकर कार्यवाही की मांग की है।

डॉ.मिश्रा ने 17 वर्षों की प्रशासनिक सेवा के अनुभव के बाद भी शम्मी आबिदी पर  मनमाने और अनाधिकृत ढंग से अपने क्षेत्राधिकार से बाहर जाकर कार्य करने का आरोप लगाया है।

डॉ मिश्रा ने इस सम्बंध में सप्रमाण दस्तावेज की कॉपी संलग्न करते हुए बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग में कार्यरत एक उप संचालक रामजतन कुशवाहा द्वारा 03 जनवरी 2024 को विधिवत छत्तीसगढ़ सिविल सेवा पेंशन नियम 1976 के नियम 42 के तहत निर्धारित प्रारूप कमांक 28 में भरकर एक आवेदन पत्र प्रस्तुत करके लगभग 07 माह उपरांत की आशायित तिथि 31 जुलाई 2024 से वीआरएस हेतु आवेदन पत्र प्रस्तुत किया गया था। छत्तीसगढ़ सिविल सेवा पेंशन नियम 1976 के नियम 42 के अनुसार  31 स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति आवेदन  03 जनवरी 2024 वापस भी नहीं लिया गया ।

उन्होंने आगे बताया कि प्रकरण की नस्ती में कोई जाँच/मांग लंबित न होने का लेख कर नस्ती प्रशासकीय अनुमोदन हेतु 19 फरवरी 2024 को शम्मी आबिदी को प्रस्तुत की गई थी।जिस पर 20 फरवरी 2024 को श्रीमती शम्मी आबिदी ने चर्चा करें लिखकर नस्ती वापस कर दी एवं मौखिक निर्देश दिये कि नस्ती लंबित रखी जाये। इन मौखिक निर्देशों का हवाला संलग्न दस्तावेज के पृष्ठ 4 के नोटशीट पर अवर सचिव ने स्पष्ट अंकित किया है। इसके उपरांत नस्ती में न तो महिला एवं बाल विकास विभाग की भारसाधक मंत्री लक्ष्मी राजवा?े से न कोई प्रशासकीय अनुमोदन लिया  न ही रामजतन कुशवाहा ने ही  अपना आवेदन वापस लिया गया ।

डॉ मिश्रा ने बताया कि दस्तावेजों के अनुसार शम्मी आबिदी ने मौखिक निर्देश देकर आवेदन को अस्वीकृत करने का पत्र जारी करने को कहा। 12 अगस्त 2024 को संयुक्त सचिव ने अपने स्तर से पत्र  12.08.2024 जारी कर आवेदन अस्वीकृत कर दिया। इस प्रकरण में शम्मी आबिदी ने अनाधिकृत कार्यवाही अपने क्षेत्राधिकार से बाहर जाकर की है। क्योंकि शम्मी आबिदी को विभाग के भारसाधक सचिव की हैसियत से ये अधिकार प्राप्त नहीं था कि वे स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति का आवेदन स्वीकृत या अस्वीकृत करें। ये अधिकार पूर्ण रूपेण प्रशासकीय विभाग की भारसाधक मंत्री को था। इस तरह श्रीमती आबिदी ने पूर्णत: अनाधिकृत रूप से अपने क्षेत्राधिकार से बाहर जाकर मंत्री की शक्तियों का अतिक्रमण कर वीआरएस का आवेदन अस्वीकृत किया। डॉ मिश्रा ने आगे बताया की  रामजतन कुशवाहा के आवेदन को श्रीमती आबिदी को नस्ती में प्रथम बार प्रस्तुत करने के उपरांत नस्ती विधिवत जावक होकर उनके पास जाती रही, परंतु उन्होंने नस्ती को वापस लौटाकर सम्पूर्ण कार्यवाही मौखिक रूप से  करवाया। उनका यह कृत्य मंत्रालयीन कार्य प्रकिया के पूरी तरह से विपरीत है।


अन्य पोस्ट