रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 23 अक्टूबर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दो दिवसीय दौरे पर चक्रवाती तूफान दाना का साया रहने के आसार हैं।तूफान प्रबल रहा तो श्रीमती मुर्मू के टेक आफ में देरी हो सकती है। वह भुवनेश्वर से रायपुर आ रहीं हैं। वहीं
इस तूफान के असर से रायपुर और आसपास तेज आंधी और हल्की बारिश होने के संकेत हैं । छत्तीसगढ़ में कुछ असर रायगढ़ की ओर पडऩे की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक 24 अक्टूबर को चक्रवात के प्रभाव से एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने की संभावना है। 25 अक्टूबर को प्रदेश के मध्य और उत्तर भाग में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।26 अक्टूबर को प्रदेश के मध्य और उत्तर भाग में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। इस बीच अधिकतम तापमान में गिरावट और न्यूनतम तापमान में वृद्धि संभावित है। 25 और 26 अक्टूबर को मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में सामान्यत: बादल छाए रहने की संभावना है। 25 अक्टूबर को हवा की गति में वृद्धि होकर 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की गति हो सकती है।
यह एक चक्रवात आज दोपहर को मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित है, जो उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है । यह मौसमी तंत्र पारादीप से 520 किलोमीटर दक्षिण पूर्व में, सागर द्वीप से दक्षिण पूर्व में 600 किलोमीटर दूर, और खेपूपारा (बांग्लादेश) से दक्षिण पूर्व में 610 किलोमीटर दूर स्थित है। इसके उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए और अधिक प्रबल होकर प्रबल चक्रवात के रूप में उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर पहुंचने की संभावना है । इसके 24 अक्टूबर के सुबह उत्तर उड़ीसा और पश्चिम बंगाल तट के बीच - पूरी और सागर द्वीप के पास भीतरकनिका और धमारा के बीच का सागरीय तट को पार करने की संभावना है । इस समय इसमें अधिकतम वायु गति 100 से 110 किलोमीटर रहने की संभावना है।प्रदेश में हल्के बादल कल से छाने की संभावना है।
डेका की तैयारी बैठक कल
इस बीच राज्यपाल रमेन डेका कल राजभवन में एक हाई लेवल बैठक कर रहे हैं। इसमें वे राष्ट्रपति मुर्मू के दौरे की तैयारियों की समीक्षा कर निर्देश देंगे।
पुरखौती बंद: इधर पुरातत्व संचालनालय ने पुरखौती मुक्तांगन को दो दिन के लिए बंद करने की सूचना दी है। राष्ट्रपति,25 की शाम पुरखौती भ्रमण पर जाएंगी। इसकी तैयारियों के लिए 24-25 को आम लोगों के लिए बंद रहेगा।