रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 23 अक्टूबर। नो एंट्री टाइम में भारी वाहनों का आवासीय क्षेत्र में आवाजाही से बड़ी दुर्घटना की आशंकाएं खड़ी कर रहा है। दलदल सिवनी के अवंति गार्डन के सामने निर्माणाधीन काम्प्लेक्स के लिए मटेरियल भरे दर्जनों हाइवा परेशानी का सबब बने हुए हैं। इलाके में एक नन्हे बच्चों का प्ले स्कूल संचालित होने से खतरा और बढ़ गया है।
यह निर्माण बीते एक महीने से चल रहा है। निवासियों की कलेक्टर के हेल्प लाइन नंबर, मोवा पंडरी थाने में शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। कलेक्टर हेल्प लाइन से रिसीवर ऑपरेटर तो सीएम जनदर्शन में शिकायत करने का जवाब दिया जा रहा है ।
इलाके के लोगों ने बताया कि भारी वाहनों से प्रवेश रोकने मोवा ब्रिज पार और साइंस सिटी टर्निंग के पास ट्रैफिक प्वाइंट है जहां जवान तैनात रहते हैं । लेकिन कोई कार्रवाई नहीं कर रहे।ये हाइवा,10-12 टन मटेरियल भरकर आ जा रहे । इनके ड्राइविंग केबिन इतने ऊंचे हैं कि ड्राइवर को नीचे कुछ दिखाई नहीं देता। और वह सडक़ के खंभे,पाइप लाइन मकानों की दीवारें तोड़ते हुए निकल जाते हैं। कल ऐसे ही एक घटना ने एक नन्ही मासूम बच्ची और मां चपेट में आने से बच गई। आसपास के लोगों ने देखकर हाइवा चालक को रोका।वर्ना एक अनहोनी तय थी।
कल इन्हीं हाइवा ने विद्युत कंपनी के एक ट्रांसफारमर के प्लींथ को तोड़ दिया है।इससे यह ट्रांसफारमर खतरे का कारण बन गया है। वाहनों की आवाजाही यूं ही बेरोकटोक बनी रही तो यह ट्रांसफॉर्मर किसी भी दिन जमीन पर गिर सकता है।