रायपुर

अंडमान से पुरी आ रहा तूफान दाना, सीजी में होगी बारिश
21-Oct-2024 7:02 PM
अंडमान से पुरी आ रहा तूफान दाना, सीजी में होगी बारिश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 21 अक्टूबर। एक निम्न दाब का क्षेत्र पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तर अंडमान सागर के ऊपर स्थित है।

इसके पश्चिम उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढऩे और प्रबल होकर अवदाब के रूप में 22 अक्टूबर के सुबह परिवर्तित होने की संभावना है और, उसके बाद और अधिक प्रबल होकर 23 अक्टूबर को पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चक्रवात के रूप में परिवर्तित होने की संभावना है।

इसके बाद इसके उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी उड़ीसा तक-पश्चिम बंगाल तट के पास 24 अक्टूबर के सुबह पहुंचने की संभावना है। एक निम्न दाब का क्षेत्र पश्चिम मध्य अरब सागर के ऊपर स्थित है। इन दोनों के संयुक्त प्रभाव के कारण प्रदेश में प्रचुर मात्रा में नमी आ रही है। और यह  22 अक्टूबर को प्रदेश के एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होगी।

इस वजह से बीते दो दिनों से अंचल के मौसम में थोड़ी ठंडक बनी हुई है। रविवार को देर शाम राजधानी के कुछ इलाकों में बारिश भी हुई। इस वजह से चंद्रोदय रात करीब साढ़े 9 बजे हुआ। मौसम अधिकारियों का कहना है कि ऐसी स्थिति अभी दो दिन और बनी रहेगी। वहीं प्रदेश के उत्तरी भाग में रात के तापमान में मामूली गिरावट आएगी। 


अन्य पोस्ट