रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 20 अक्टूबर। आयुष विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी। लेकिन इस कार्यक्रम में अतिथि के रूप में सांसद बृजमोहन अग्रवाल को आमंत्रित नहीं किया गया है। इसको लेकर विवाद छिड़ गया है।
पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान, एवं आयुष विश्वविद्यालय का तीसरा दीक्षांत समारोह 26 तारीख को नवा रायपुर में होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यपाल रमेन डेका करेंगे, और अति विशिष्ट अतिथि के रूप में सीएम विष्णुदेव साय, और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल रहेंगे।
कार्यक्रम की तैयारी चल रही है। मगर रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल को अतिथि के रूप में नहीं बुलाया गया है। आमंत्रण पत्र वितरित होने के बाद इसको लेकर विवाद छिड़ गया है। इससे पहले दीक्षांत समारोह जैसे आयोजनों में सांसद को अतिथि के रूप में मंच पर जगह मिलती रही है। यह पहला मौका है जब मंच पर सांसद को जगह नहीं मिल रही है। इसको लेकर बृजमोहन अग्रवाल के समर्थकों में नाराजगी देखी जा रही है।