रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 18 अक्टूबर। कमल विहार इलाके में गुरूवार दोपहर से पहले हुई 20 लाख रुपये की लूट के आरोपियों की तफ्तीश जारी है। मुजगहन पुलिस के मुताबिक घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के जरिए उस रोड से गुजरे हरेक व्यक्ति की तस्दीक की जा रही है। रोड किनारे होने के कारण सैकड़ों लोग गुजर रहे थे। वहीं प्रार्थी से भी पूछताछ चल रही है। उसके अनुसार घटना हुई है। यह लूट इलाके के वेंकट हॉस्पिटल के सामने हुई।
जानकारी के मुताबिक, कमल विहार स्थित इस्कॉन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड का सुपरवाइजर मनोज कुमार ध्रुव बैग में 20 लाख रुपए लेकर काम के सिलसिले में निकला था। इसी दौरान वेंकट अस्पताल के पास बदमाशों ने उसे रोक लिया। फिलहाल पुलिस सुपरवाइजर से पूछताछ कर रही है। मनोज ने बताया कि, वह रुपए लेकर घर से बाइक पर ऑफिस के लिए निकला था। रकम ऑफिस की ही थी। बैग उसने आगे पेट्रोल टंकी पर रख हाथ से पकड़े हुए था। मोबाइल बैग की साइड पॉकेट में था। इसी दौरान पीछे से बाइक सवार आया और उसने मोबाइल छीनने का प्रयास किया। इस पर मनोज ने मोबाइल पकड़ लिया तो बदमाश ने उसकी बाइक को पैर से मारा और बैग छीनकर भाग गया। बदमाश के धक्के से मनोज बाइक सहित सडक़ किनारे नाली में जा गिरा ।
मनोज ने बताया कि बाइक सवार 2 लडक़े थे। पहले एक युवक अकेले बाइक पर आया था, लेकिन जब गिरा तो उसने देखा कि वहां एक अन्य युवक भी आ गया। दोनों बदमाशों ने मुंह पर स्कार्फ बांध रखा था।
नाराज हैं कमल विहार निवासी
दो माह पहले कमल विहार पुलिस चौकी खुलने के बाद इस पहली बड़ी वारदात ने गश्त की पेल खोल दी। दिनदहाड़े हुई घटना के बाद कमल विहार कॉलोनी के निवासी सोशल मीडिया ग्रुप में पुलिस पर नाराजगी जता रहे हैं।