रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग में नियुक्त सदस्यों ने आज पद सम्हाला। इनमें श्रीमती प्रियंवदा सिंह जूदेव (जशपुर), श्रीमती सरला कोसरिया (महासमुंद), श्रीमती ओजस्वी मंडावी (दंतेवाड़ा) एवं दीपिका सोरी (सुकमा) शामिल हैं। श्रीमती लक्ष्मी वर्मा (बलौदाबाजार) ने 7 अक्टूबर को ही पदभार ग्रहण कर लिया था । अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक ने सभी नवनियुक्त सदस्यों को शुभकामनाएं दी। अगले वर्ष डॉ.नायक का कार्यकाल पूरा होने पर इनमे से एक को अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी जा सकती है।
ज्ञात हो कि पुराने सदस्यों का कार्यकाल 27 जून 24 को समाप्त हो गया था। इस दौरान बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, छ.ग. राज्य महिला आयोग के सचिव मनोज कुमार सिन्हा, सहायक संचालिका श्रीमती पुष्पा किरण कुजूर व आयोग के सभी कर्मचारिगण और नवनियुक्त सदस्यों के साथ भारी मात्रा में कार्यकर्तागण पदभार ग्रहण समारोह में उपस्थित थे।