रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 अक्टूबर। रायपुर दक्षिण विधानसभा सीट के प्रत्याशी चयन के लिए भाजपा में रायशुमारी का दौर चल रहा है। खबर है कि केन्द्रीय चुनाव समिति की 20 तारीख को होने वाली बैठक में प्रत्याशी के नाम पर मुहर लग सकती है।
बताया गया कि रायपुर दक्षिण सीट के लिए नामांकन दाखिले की प्रक्रिया कल से शुरू हो रही है। प्रदेश भाजपा चुनाव समिति की बैठक में कई नामों पर चर्चा हुई है। जिन नामों का पैनल बनाने की चर्चा है उनमें सुनील सोनी, नंदन जैन, मीनल चौबे, संजय श्रीवास्तव और केदार गुप्ता हैं। इन सबके बीच नये नाम पर भी कुछ नेताओं के बीच अनौपचारिक चर्चा हुई है।
पार्टी के कुछ सूत्रों के मुताबिक सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने पूर्व सांसद सुनील सोनी का नाम आगे बढ़ाया है। इससे परे संघ परिवार नंदन जैन के पक्ष में है। प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन की पसंद संजय श्रीवास्तव बताई जा रही है।
दावा किया जा रहा है कि पार्टी सांसद बृजमोहन अग्रवाल की पसंद को तवज्जो दे सकती है। 20 तारीख को केन्द्रीय चुनाव समिति की बैठक से पहले उनसे अंतिम रूप से चर्चा की जा सकती है। कुछ विकल्पों पर भी विचार हो सकता है। 20 को ही प्रत्याशी घोषित होने के आसार दिख रहे हैं।
20 को आ रहे पायलट
प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट 20 तारीख को रायपुर आ रहे हैं। वो रायपुर दक्षिण के विधानसभा कार्यकर्ता सम्मेलन और प्रत्याशी को लेकर चर्चा कर सकते हैं। माना जा रहा है कि भाजपा प्रत्याशी की घोषणा के बाद ही कांग्रेस प्रत्याशी के नाम का ऐलान किया जा सकता है। सभापति प्रमोद दुबे, कन्हैया अग्रवाल, और ज्ञानेश शर्मा के बीच में ही फैसला होने के आसार दिख रहे हैं। दावेदारों ने नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, और प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज से भी मुलाकात की है।