रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 16 अक्टूबर। मठपुरैना विद्युत सब स्टेशन के एच टी कनेक्शन में सुधार के दौरान लाइन मैन दिलीप जंघेल की मौत को लेकर लापरवाही सामने आई है। इसके जिम्मेदार एई लोकेंद्र पटेल को निलंबित करते हुए अधीक्षण अभियंता की अध्यक्षता में कमेटी गठित कर 10 दिन में रिपोर्ट मांगी है।
यह हादसा मंगलवार को हुआ था। जब दिलीप सब स्टेशन की हाई टेंशन लाइन सुधार रहा था। इसके लिए सप्लाई बंद करने और मेंटेनेंस की अनुमति एई पटेल ने दी थी। जंघेल काम कर रहा था कि अकस्मात् बैक फीड लेकर सब स्टेशन की सप्लाई चालू कर दी । इससे एक झटके में खंबे पर चढ़ा लाइन मैन दिलीप झुलसकर जमीन पर आ गिरा। इस दौरान उसकी खोपड़ी (स्कल)पर आधा दर्जन से अधिक गड्ढे हुए जहां से बड़ी मात्रा में खून बह निकला। और मौके पर ही मौत हो गई। इस ह्रदयविदारक घटना के बाद बिजली कर्मचारी विरोध में उतर आए। और राजधानी विद्युत वृत के तमाम आला अफसरों के सामने विरोध दर्ज किया । और परिजनों ने टिकरापारा थाने में एफआईआर कराया। पुलिस के मुताबिक फिलहाल मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। पीएम रिपोर्ट में बिजली से मौत की पुष्टि होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इधर विद्युत मंडल ने तीन वरिष्ठ अभियंताओं की कमेटी गठित कर 10 दिन में जांच रिपोर्ट देने कहा है । इनमें एसई मनोज वर्मा, ईई अनिल कुमार सी और रामनारायण वर्मा जांच करेंगे। बिजली कर्मियों और परिजनों ने जांच कमेटी को लीपापोती को लिए गठित करने का आरोप लगाया है।
पीतांबर के परिजन भटक रहे
उधर दशहरे के लिए रावण दहन से ठीक पहले डब्ल्यू आर एस मैदान में मृत बिजली कर्मी पीतांबर के परिजनों को पांच दिन बाद भी कोई सहायता नहीं मिल पाई है। परिजन भटक रहे हैं। चूंकि पीतांबर निजी ठेकेदार का लाइन मैन था इसलिए आयोजन समिति के पदाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी भी मुआवजे को लेकर नजरअंदाज किए हुए हैं। आयोजन समिति ने अपनी शोक संवेदना व्यक्त कर इतिश्री कर ली है।