रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 15 अक्टूबर। निगम आयुक्त अबिनाश मिश्रा ने स्वामी विवेकानंद सरोवर बूढ़ातालाब, नीलाभ उद्यान परिसर, कलेक्टोरेट परिसर में गार्डन और जोन 4 के तहत राजीव आवास योजना क्षेत्र का निरीक्षण किया। 25 अक्टूबर की शाम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू विवेकानंद प्रतिमा स्थल आने वाली हैं। मिश्रा ने
अधिकारियों को सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए । आयुक्त ने विभिन्न व्यवसायिक क्षेत्रों में गन्दगी एवं कचरा फैलाने वालों पर जुर्माना करने के निर्देश दिए हैं। निगम जोन 4 स्वास्थ्य विभाग एवं मुख्यालय सफाई गैंग ने कलेक्टोरेट परिसर स्थित गार्डन की सफाई की।
इसके बाद आयुक्त श्री मिश्रा ने जोन 1 जोन अध्यक्ष विनोद अग्रवाल,जोन कमिश्नर हितेन्द्र यादव के साथ खमतराई ओवर ब्रिज के नीचे अस्थायी बाजार का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां के फल सब्जी और चाय ठेले वाले व्यवसायियों को पौनी पसारी के रिक्त स्थान पर शिफ्ट कर यातायात सुगम बनाने निर्देश दिए।
राजधानी में 550 से अधिक स्ट्रीट लाइट बंद, दीवाली से पूर्व चालू होंगी: मिश्रा ने सभी जोनों के विद्युत विभाग के उप अभियंताओं की बैठक लेकर उन्हें दीपावली पर्व को देखते हुए अभियान चलाकर शहर में बंद पड़े स्ट्रीट लाईटों को सुधारकर चालू करवाने के निर्देश दिए । निगम के विद्युत विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पूरे शहर में 550 से अधिक स्ट्रीट लाइट बंद है। और यहां से सारे रास्ते घुप अंधेरे में हैं। त्यौहारी सीजन में खरीदारी के बाद घर लौटते लोगों से लूट, छिंतई की आशंका बनी रहेगी।
मिश्रा ने बंद स्ट्रीट लाईट से सम्बंधित सभी जनशिकायतों का जोनों से गैंग उप अभियंता सहित स्थल पर भेजकर दीपावली पर्व के पूर्व त्वरित निराकरण करवाने कहा। वार्डों में स्ट्रीट लाईटों के नवीन सेट सेंट्रल स्टोर से शीघ्र उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए है। बैठक में अनुबंधित फर्म ईईएसएल कम्पनी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।उन्हें स्ट्रीट लाईटों के शहर में संधारण का कार्य प्राथमिकता से अनुबंध की शर्तों के अनुसार करने भी कहा।