रायपुर

राष्ट्रपति मुर्मू 25 को आ रहीं, लेंगी क्वाइट डिनर-लंच
11-Oct-2024 4:53 PM
राष्ट्रपति मुर्मू 25 को आ रहीं, लेंगी क्वाइट डिनर-लंच

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 अक्टूबर। 
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के छत्तीसगढ़ के 25 और 26 अक्टूबर, दो दिवसीय प्रवास के मद्देनजर राज्यपाल रमेन डेका के निर्देशानुसार आज यहां राजभवन में राज्यपाल के सचिव यशवंत कुमार ने बैठक लेकर सभी आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिये। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सभी तैयारियां निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार किया जाना सुनिश्चित करें। राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु 25 और 26 अक्टूबर को एम्स रायपुर, एनआईटी रायपुर, आई. आईटी भिलाई और आयुष विश्विद्यालय के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। सचिव  यशवंत कुमार ने इस दौरान सभी शैक्षणिक संस्थानों में आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा रायपुर एवं दुर्ग जिला प्रशासन, लोक निर्माण , नगर निगम, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, स्वास्थ्य , पुलिस, राज्य प्रोटोकॉल के अधिकारियों को भी सभी तैयारियां निर्धारित समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिये गए। राष्ट्रपति पहले दिन दो विवि के और दूसरे दिन दो संस्थानों के दीक्षांत को संबोधित करेंगे। वैसे तो राष्ट्रपति का आम लोगों से मिलने का कोई कार्यक्रम तय नहीं है, लेकिन पुरखौती मुक्तांगन के भ्रमण के दौरान आदिवासी समूहों से मुलाकात करेंगे। इन कार्यक्रमों के बाद श्रीमती मुर्मू रायपुर से भूवनेश्वर रवाना होंगी। 

क्वाइट डिनर: इस दौरे के दौरान राष्ट्रपति मुर्मू के सम्मान में विशेष भोज की व्यवस्था नहीं रहेगी। राष्ट्रपति भवन में सुचित किया कि श्रीमती मुर्मू क्वाइट डिनर लेंगी। इसमें वह अकेले ही भोजन ग्रहण करेंगी। उस दौरान राज्यपाल रमन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और कुछ आमंत्रित ही रहेंगे। मुर्मू का रात्रि विश्राम राजभवन में ही तय किया गया है। 


अन्य पोस्ट