रायपुर
सरकार ने केवियेट लगाया, इस माह का वेतन नए स्थान से ही
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 अक्टूबर। आबकारी विभाग के 34 उपायुक्त, सहायक आयुक्त और जिला आबकारी अधिकारियों के तबादले किए हैं। कल देर रात जारी आदेश में पूरे प्रदेश के अधिकारी बदले गए हैं। विभागीय मंत्री और सचिव ने छहमाह के कारोबार की एक गहन समीक्षा के बाद नए सिरे से बदलाव किया गया है। इन्हें लाइन अटैच कर नए अफसरों को फील्ड में लाया गया है। खास बात यह है कि तबादले से प्रभावित अफसरों के अदालत जाने की संभावनाओं को देखते हुए सरकार ने केवियेट भी दायर कर दिया है।
बताया गया कि तबादले से प्रभावित कई अफसरों के प्रश्रय में ओवर रेटिंग, शराब तस्करी नहीं रूकने की शिकायत रही है। छमाह के शराब कारोबार में लक्ष्य से करीब पांच सौ करोड़ की राजस्व की कमी का अंदाज लगाया जा रहा है। खासकर दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर, कोरबा चांपा जांजगीर में तो इन अवैध शराब का बोलबाला सा था। बार बार की हिदायतों के बाद भी इन पर ये अफसर अंकुश नहीं लगा पा रहे थे। वैसे इनमें से कई अफसर कांग्रेस शासन काल में हुए शराब घोटाले में ईडी और एसीबी ईओडब्लू के रडार में भी है। इनमें उडऩदस्ते के भी अफसर शामिल हैं। उडऩ दस्ते के अफसर तो शराब घोटाले का मास्टर माइंड के रूप में चिन्हित हैं।
ईडी के साथ-साथ राज्य सरकार की एजेंसी ईओडब्ल्यू-एसीबी भी कई अफसरों से पूछताछ कर रही है। सभी अफसरों को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त करते हुए निर्देश दिए गए हैं कि इनका वेतन वर्तमान पद स्थापना स्थल न दिया जाए। साथ ही हाईकोर्ट में केवियेट भी दायर किया गया है। सरकार को आशंका है कि तबादले से प्रभावित अधिकारी, या उनसे संबंधित व्यक्तियों द्वारा चुनौती देने के लिए हाईकोर्ट के समक्ष याचिका दायर की जा सकती है। ऐसी परिस्थिति में कोई स्थगन आदेश जारी करने से पहले राज्य शासन का पक्ष सुने जाने के लिए केवियेट याचिका हाईकोर्ट के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी।
जिन आबकारी अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। उनमें उपायुक्त अरविंद कुमार पाटले, जगदलपुर से आबकारी आयुक्त कार्यालय रायपुर, प्रमोद कुमार नेताम सहायक आयुक्त उडऩ दस्ता से बेमेतरा, यदुनंदन राठौर दुर्ग से नांदगांव, विकास कुमार गोस्वामी रायपुर से उपायुक्त उडऩदस्ता अंबिकापुर, राजेश जायसवाल दुर्ग से मुंगेली, श्रीमती मंजू श्री कसेर, एजीएम मार्केटिंग कॉर्पोरेशन रायपुर, दिनकर वासनिक बिलासपुर से आबकारी आयुक्त कार्यालय, आशीष कोशम एजीएम मार्केटिंग कॉर्पोशन रायपुर से उपायुक्त आबकारी जगदलपुर, सौरभ बक्शी कोरबा से रायपुर आबकारी कार्यालय, प्रकाश पाल मुंगेली से राज्य स्तरीय उडऩदस्ता कार्यालय रायपुर, रामकृष्ण मिश्रा रायगढ़ से उपायुक्त अधिकारी कार्यालय रायपुर, अलेख राम सिदार कोंडागांव से जांजगीर चांपा, प्रवीण वर्मा जांजगीर से मनेन्द्रगढ़, नवनीत तिवारी सरगुजा से बिलासपुर, रमेश कुमार सिन्हा गोदाम प्रभारी से खैरागढ़, किस्ट्रोफर खलको कांकेर से रायगढ़, डिकेश देवांगन खैरागढ़ से कोंडागांव, रतन सिंह नागेश बस्तर से नारायणपुर, गजेन्द्र कुमार सिंह कोरिया से बलौदाबाजार, आशा सिंह कबीर धाम से कोरबा, लक्ष्मीकांत गायकवाड़ बलौदाबाजार-भाटापारा से सरगुजा, जिला आबकारी अधिकारी रघुवर सिंह राठौर बीजापुर से गरियाबंद, इकबाल अहमद खान दंतेवाड़ा, चंद्रहास यदु बस्तर, सीआर साहू बेमेतरा से दुर्ग, योगेश्वर कुमार द्विवेदी परीक्षावधि रायगढ़ से कोरिया, अभिषेक तिवारी परीक्षावधि, कोरबा से बीजापुर, दीपक कुमार ठाकुर जांजगीर-चांपा से सुकमा, अजय कुमार ध्रुर्वे सक्ती से कबीरधाम, रविशंकर साय बिलासपुर, एमके मयानी दंतेवाड़ा से दुर्ग, नितिन कुमार शुक्ला बिलासपुर से सक्ती, नागेश्वर मिश्रा कांकेर, एसके नामदेव दुर्ग से गोदाम प्रभारी दुर्ग में पदस्थ किया गया है।