रायपुर

महिला आयोग में 5 नए सदस्य नियुक्त,दो विस चुनाव हार चुकीं हैं
04-Oct-2024 4:37 PM
महिला आयोग में 5 नए सदस्य नियुक्त,दो विस चुनाव हार चुकीं हैं

नेहरु निषाद राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 4 अक्टूबर।
राज्य सरकार ने  महिला आयोग में 5 नए सदस्यों के साथ पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नियुक्त किया है। 
धमतरी के नेहरु निषाद को छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग का अध्यक्ष बनाया गया है। श्री निषाद भाजपा के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रह चुके हैं।  वहीं महिला आयोग में लक्ष्मी वर्मा, सरला कोसरिया, प्रियम्वदा सिंह जूदेव , ओजस्वी मंडावी और दीपिका सोरी को सदस्य बनाया गया है। इन सभी का कार्यकाल 3 वर्ष का होगा। 

लक्ष्मी वर्मा वर्तमान में भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष हैं जिला पंचायत रायपुर की अध्यक्ष रह चुकी है और लोकसभा की टिकट की प्रबल दावेदार थीं । सरला कोसरिया सरायपाली से विधानसभा चुनाव लड़ चुकी हैं। ओजस्वी मंडावी दंतेवाड़ा के पूर्व विधायक स्वर्गीय भीमा मंडावी पत्नी हैं और विधानसभा चुनाव लड़ चुकी हैं। प्रियम्वदा सिंह जूदेव , जशपुर राजपरिवार की बहू हैं और जशपुर में भाजपा के लिए सक्रिय हैं। अगले वर्ष आयोग में अध्यक्ष पद रिक्त होने वाला है ऐसे में लक्ष्मी वर्मा को प्रोन्नत किया जा सकता है।

पिछली सरकार में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रिश्ते में अपनी भतीजी किरणमयी नायक को आयोग का अध्यक्ष बनाया था। इसके पहले 21 जुलाई 2020 फिर 24 जुलाई 2023 को किरणमयी नायक ने नए कार्यकाल का पदभार ग्रहण किया।

वर्ष 2001 में राज्य महिला आयोग के गठन के बाद हेमंत पोर्ते को आयोग का अध्यक्ष बनाया गया था। जिनका कार्यकाल 3 अप्रैल 2001 से 10 अक्टूबर 2003 तक रहा।इसके बाद सुधा वर्मा को 31 अगस्त 2004 से 31 अगस्त 2007 तक अध्यक्ष बनाया गया। फिर आर विभा राव को 30 अक्टूबर 2007 से 30 अक्टूबर 2010 तक कार्यभार दिया गया। उसके बाद एक बार फिर से आर विभा राव को आयोग की जिम्मेदारी 3 साल यानी कि 2010 से 2013 तक दी गई।पांचवी बार लता उसेंडी को 14 अगस्त 2014 से 30 जून 2015 तक जिम्मेदारी दी गई। 20 जनवरी 2016 को हर्षिता पांडे को आयोग का अध्यक्ष बनाया गया।

जिन्होंने 20 अक्टूबर 2018 तक अपनी जिम्मेदारी निभाई।फिर अनिला भेडिय़ा को 20 अक्टूबर 2018 को जिम्मेदारी सौंपी गई। नायक ने पहले  23 जुलाई 2020 फिर 23 जुलाई 2020 में पहली बार यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी।


अन्य पोस्ट