रायपुर

साय ने बनाई कटोरी, खरीदी कोसा साड़ी
02-Oct-2024 3:40 PM
साय ने बनाई कटोरी, खरीदी कोसा साड़ी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 2 अक्टूबर।
मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने आज राजधानी  के दीनदयाल  ऑडिटोरियम परिसर में गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित खादी और ग्रामोद्योग विभाग की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने चाक पर अपनी कलाकारी दिखाते हुए मिट्टी की कटोरी बनाई और स्थानीय बुनकरों द्वारा तैयार गोदना पेंटिंग वाली कोसा साड़ी भी खरीदी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर आज दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग की प्रदर्शनी, स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े का समापन सहित कई गतिविधियों का आयोजन किया गया था। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने जिला प्रशासन रायपुर के मलेरिया और डेंगू की रोकथाम के लिए अभियान का शुभारंभ किया और साइंस कॉलेज ग्राउंड में आयोजित होने वाले सैन्य प्रदर्शनी में शामिल सैन्य वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 

उन्होंने रायपुर नगर निगम के स्टालों के निरीक्षण के दौरान मौली माता स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित प्लास्टिक फ्री सेनेटरी नेपकिन की जानकारी ली और वहां मौजूद स्वच्छता दीदियों को सेनेटरी नेपकिन भेंट किया। इस दौरान समृद्धि महिला स्व सहायता समूह की महिलाओं ने मुख्यमंत्री को फूलों से निर्मित दशांग, धूप बत्ती और डेकोरेटेड दिया भेंट किया। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि ये उत्पाद मंदिर में चढ़ाये गए फूलों से बनाये जाते हैं। मुख्यमंत्री ने समूह के महिलाओं के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी। श्री साय ने स्वच्छता कर्मचारियों को स्वच्छता किट भेंट कर सुरक्षित रहकर कार्य करने की बात कही।

उन्होंने बिलाईगढ़ के संत बिसाहू दास महंत राज्य पुरस्कार से पुरस्कृत  देवानंद देवांगन द्वारा तैयार गोदना पेंटिंग आर्ट वाली कोसे की साड़ी भी खरीदी। मुख्यमंत्री ने इलेक्ट्रिक चॉक पर हाथ आजमाते हुए मिट्टी की कटोरी तैयार की और 5 माटी शिल्पकारों को इलेक्ट्रिक चॉक भेंट किए। मुख्यमंत्री को हाथकरघा प्रभाग के स्टॉल में सिवनी से आये गजानंद देवांगन ने कोसा से निर्मित शॉल भेंट की। मुख्यमंत्री ने देवांगन भेंट के लिए धन्यवाद दिया। 
 


अन्य पोस्ट