रायपुर
कई दिनों से पढ़ाई नहीं, सुविधाएं भी नहीं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 30 सितंबर। आदिम जाति कल्याण विभाग अपनं प्रयास स्कूलों को सेंटर आफ एक्सीलेंस कहने से नहीं थकता। आज उसी प्रयास सड्डू में पिछले कई दिनों से पढ़ाई न होने से आक्रोशित छात्रों ने आज रैली निकाल कर सरकार से न्याय मांगा। बच्चे वी वांट जस्टिस के नारे लगाते हुए विधानसभा घेरने निकले। और पूरी सडक़ पर धमाचौकड़ी मचाते रहे।
राजधानी के सड्डू स्थित प्रयास विद्यालय के पांच सौ से अधिक बच्चे सोमवार को स्कूल लगने से पहले विरोध पर उतरे। सभी हाथों में बैनर पोस्टर लगा कर विधानसभा सडक़ पर निकल पड़े ।
इन बच्चों का कहना था कि स्कूल के शिक्षक डीए पदोन्नति की मांग को लेकर अन्य संगठनों की हड़ताल में सक्रिय हैं, पढ़ा नहीं रहे हैं। और आने वाले दिन त्यौहारी अवकाश के होने जा रहे हैं । और स्कूल में कोई मूलभूत सुविधाएं नहीं दी जा रही। इस तरह से करीब डेढ़ माह से पढ़ाई बंद है। खासकर 10-12 वीं बोर्ड कक्षाओं के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। आज सुबह जब शिक्षक अपनी लग्जरी कारों में स्कूल पहुंचे तब तक बच्चे रैली निकाल सडक़ पर आ चुके थे। यह देखते ही कुछ कार सवार शिक्षक,इन्हें रोकने वापस स्कूल चलने दौड़े। बच्चे इनसे बचते हुए आगे बढ़ते रहे।
इसकी सूचना मिलते ही विधानसभा टीआई सदलबल पहुंचे। और विधानसभा से पहले पुलिस रोककर उनसे बात की है। बच्चो का कहना था कि मामला पुलिसिया नहीं है इसलिए पुलिस से बात करना व्यर्थ है। बच्चों के आग्रह पर टीआई ने एसडीएम और सहायक आयुक्त को सूचना देकर बुलवाया। दोनों अफसरों ने चर्चा की।
बच्चों ने चर्चा में विद्यालय प्रबंधन और चौखंबा संस्था पर कई आरोप लगाए। उनका कहना है कि प्रतियोगी परीक्षा संबधित किताबें उपलब्ध नहीं कराई जा रही। शिकायत करने पर छात्रों को निष्कासित करने की धमकी दी जाती है। स्कूल,छात्रावास में पानी बिजली भोजन की मूलभूत सुविधाएं नहीं है। छात्रावास के 12 में से 9 बाथरूम बंद हैं, तीन ही छात्रों के लिए खोले गए हैं। छात्र पहले भी आयुक्त को दिए गए आवेदन की स्थिति पूछ रहे थे।
बच्चों के इस स्वस्फूर्त प्रदर्शन ने राजधानी में ही आदिम जाति कल्याण मंत्री, प्रमुख स्कूल शिक्षा सचिव, आयुक्त, सहायक आयुक्त की निगरानी में आदिवासी बच्चों के लिए उपलब्ध कराई जा रही शिक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। ये हालात राजधानी में हैं तो ग्रामीण इलाकों की स्थिति आसानी से समझी जा सकती है। बता दें कि इसी सडक़ पर दो वर्ष पहले अजा वर्ग के युवकों ने नग्न प्रदर्शन किया था।
थोड़ी देर होती तो विस घुस चुके थे छात्र-पुलिस
सभी बच्चे इस हाईवे पर धमाचौकड़ी मचाते रहे। पुलिस को डर था कि इस दौरान भारी वाहनों की चपेट में आने से कोई अनहोनी न हो जाए। तुरंत जिला प्रशासन और आजाक को अफसरों को बुलाया। वो तो गनीमत रही कि पुलिस अमला पहुंच कर विधानसभा चौक पर ही बच्चों को रोक लिया गया वर्ना बच्चे विधानसभा परिसर में जा घुसते और घेराव कर देते।
16 मई को बोरा ने कहा था-फाइव स्टार सुविधाएं दें, और 9 बाथरूम बंद
प्रमुख सचिव बोरा ने 16 मई को प्रयास के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों से कहा कि बच्चों के लिए फाइव स्टार होटलों की तरह सुविधाएं उपलब्ध हो। अत: होटलों की तरह इन वर्ग के बच्चों के लिए सुविधाएं विकसित की जाय।
उन्होंने प्रयास विद्यालय हॉस्टल के किचन का निरीक्षण कर बच्चों के लिए भोजन व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवोदय विद्यालय की तर्ज पर प्रयास वि़द्यालय को भी विकसित किया जाए। बोरा ने प्रयास विद्यालय स्थित भौतिक और रसायन विज्ञान प्रयोगशाला सहित लाईब्रेरी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों को थ्योरी के साथ-साथ प्रेक्टिकल भी कराने और लाईब्रेरी में आवश्यक सभी किताबें, कम्प्यूटर आदि की व्यवस्था कराने के भी निर्देश दिए थे।
उन्होंने डायनिंग हॉल का निरीक्षण करते हुए डायनिंग हॉल को होटलों की तरह साफ-सफाई के साथ ही सुसज्जित करने को कहा। उन्होंने आवासीय विद्यालय परिसर को सीसीटीव्ही कैमरा से लैस करने कार्ययोजना बनाने कहा था।
अभी दौरे पर हूं-बोरा
प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने कहा कि वे सरगुजा दौरे पर हैं, और इस घटना की जानकारी आपने ही दी है। मैं अफसरों से चर्चा कर जानकारी लेता हूं।