रायपुर
50 हजार सीटें रिक्त
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 18 सितंबर। रविशंकर विश्वविद्यालय ने एक बार फिर स्नातक और स्नातकोत्तर कक्षाओं में रिक्त सीटों में प्रवेश के लिए अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 सितंबर कर दी है। हालांकि यह हर वर्ष की नियमित प्रक्रिया बताई गई है लेकिन बीते दो तीन वर्ष में बड़ी संख्या में सीटें रिक्त होने के पीछे ऐसा नहीं है कि 12,13 वर्ष पूर्व बहुत अधिक बच्चों ने जन्म लिया हो और वो सभी के सभी 12वीं पास कर गए हों?। सीटे खाली रहने के पीछे कोरोना कॉल को मुख्य कारण बताया जा रहा है ।
रविवि के अधीन करीब 335 शासकीय कॉलेज संचालित हैं और सौ के करीब निजी । जिनमें इस वर्ष अब तक के आंकड़ों के मुताबिक करीब 50 हजार सीटें स्नातक और स्नातकोत्तर दोनों में रिक्त हैं। 12 वीं में तीन लाख से अधिक विद्यार्थियों के पास होने और अधिकांश के कला,वाणिज्य विग्यान संकाय के परंपरागत और राष्ट्रीय शैक्षणिक संस्थानों में प्रवेश लेने के बाद करीब 50 हजार सीटें रिक्त बताई जा रही है। इतनी अधिक रिक्तता वर्ष 2019-20 के सत्र से चली आ रही है।
उच्च शिक्षा विभाग के अफसरों का कहना है कि कोरोना की वजह से वर्ष 19-20 से 22-23 तक जनरल प्रमोशन या किताब देखकर प्रश्न पत्र हल करने की सुविधा दी गई थी। सो उन वर्षों में फेल तो कोई हुआ नहीं। 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्तीर्णता शत प्रतिशत रही। इसके चलते नए कॉलेज खोलने के साथ साथ स्थापित कॉलेजों में सीटें बढ़ानी पड़ी। बीते पांच वर्ष ही नहीं इस शैक्षणिक सत्र में भी नए कॉलेज खोले गए। उक्त संकायों में कम से कम 100-100 सीटें और मिल गईं। और इन परंपरागत संकायों के लिए छात्र अनुपलब्ध हैं।
इन पाठ्यक्रमों को लेकर रूचि कम होने लगी है। कारण विद्यार्थी, विशेषग्यता वाले कोर्सेस मेडिकल, इंजीनियरिंग, बायोटेक,लॉ कृषि, सूचना प्रौद्योगिकी में जाने लगे हैं। अब तो नर्सिंग व अन्य पैरामेडिकल कोर्सेस की भी मांग बढ़े लगी है। और इनके लिए प्रवेश परीक्षाओं में सफल न होने पर भी संपन्न वर्ग के विद्यार्थी, मैनेजमेंट कोटे में डोनेशन के जरिए प्रवेश हासिल कर लेते हैं। और कुछ दूसरे राज्यों के कॉलेज, निजी विवि की ओर रूख कर जाते हैं । ऐसे कई और कारण हैं कि प्रदेश के कॉलेजों में सीट रिक्त बने रहते हैं।
एक कारण यह भी
कॉलेजों के प्राध्यापक, प्राचार्यो के मुताबिक अधिकांश सीटें कस्बे, तहसील और बड़े गांवों के कॉलेजों में रिक्तहैं। इसके पीछे मुख्य कारण, इन क्षेत्रों के 12 वीं उत्तीर्ण बच्चे भी शहरों में आकर पढऩे लगे हैं। वो इसलिए भी आते हैं कि उनके क्षेत्र के कॉलेजों में शिक्षक,लैब और अन्य सुविधाओं की कमी बनी हुई है। ऐसे कारणों से ऐसी रिक्तता आने वाले वर्षों में भी बनी रहेगी। इसे रोकने नए कॉलेज खोलने पर लगाम लगाते हुए संचालित कॉलेजों में सुविधाएं बढ़ानी होंगी।