रायपुर

बेमेतरा में बारिश, राजधानी सूखा
11-Sep-2024 4:36 PM
बेमेतरा में बारिश, राजधानी सूखा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 सितंबर। 
बेमेतरा में आज दोपहर जमकर बारिश हुई। वहीं राजधानी और आसपास बादल साफ रहे। प्रदेश में कल  12 सितंबर को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना है। प्रदेश में एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ वज्रपात होने की भी संभावना है। वर्षा का क्षेत्र मुख्यत: उत्तर छत्तीसगढ़ रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक एक चिन्हित निम्न दाब का क्षेत्र उत्तर- पूर्व मध्य प्रदेश और उसके आसपास स्थित है, जो उत्तर-उत्तर- पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए पुन: प्रबल होकर अवदाब के रूप में स्थित है। इसके उत्तर -उत्तर-पश्चिम दिशा में अगले 24 घंटे तक आगे बढऩे की संभावना है।  राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष  के मुताबिक एक जून 2024 से अब तक राज्य में 1064.8 मिमी औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है। राज्य के विभिन्न जिलों में 01 जून 2024 से आज 11 सितम्बर सवेरे तक रिकार्ड की गई वर्षा के अनुसार बीजापुर जिले में सर्वाधिक 2277.8 मिमी और सरगुजा जिले में सबसे कम 540.9 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी है।
 


अन्य पोस्ट