रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 सितंबर। मौसम विभाग ने अगले तीन घंटे बस्तर इलाके में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। शाम 7 बजे तक बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, सुकमा में गरज-चमक के साथ भारी बारिश के संकेत हैं।
वहीं एक अवदाब पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित है, इसके साथ उपरि हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके उत्तर दिशा की ओर आगे बढ़ते हुए पश्चिम बंगाल तट और उत्तर उड़ीसा तट के पास अगले 24 घंटे में पहुंचने की संभावना है। उसके बाद इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए गंगेटिक पश्चिम बंगाल और उससे लगे उत्तर उड़ीसा झारखंड तथा उत्तर छत्तीसगढ़ की ओर उसके अगले दो दिनों में पहुंचने संभावना है। प्रदेश में कल अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना है। प्रदेश में एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ वज्रपात होने तथा भारी वर्षा होने की भी संभावना है ।
भारी वर्षा का क्षेत्र मुख्यत: मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ रहने की संभावना है।