रायपुर
एक वर्ष में 4 पायदान बढ़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 8 सितंबर। केन्द्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने आज राष्ट्रीय स्वच्छ वायु दिवस पर स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2024 के परिणाम घोषित किया। इसके अनुसार इस वर्ष देश के 130 शहरों में करवाए गए सर्वे में रायपुर शहर को 12वां रेंक मिला है। विगत वर्ष रायपुर शहर को स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में 16वां रेंक मिला था। इस वर्ष रेंकिंग में रायपुर शहर ने शानदार सुधार किया है।
रायपुर शहर को 10 लाख से अधिक की आबादी वाले शहरों में रखा गया था। ऐसे 47 नगरों में केन्द्र सरकार ने स्वच्छ वायु सर्वेक्षण करवाया। निगम आयुक्त अबिनाश मिश्रा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी नागरिकों को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सतत प्रयासों को सराहा। आयुक्त अबिनाश मिश्रा ने बताया कि इस वर्ष के स्वच्छ वायु सर्वेक्षण रायपुर निगम ने 177.5 अंक सर्वे में अर्जित करने की जो तैयारी की थी, वह सफल रही एवं केन्द्र सरकार ने थर्ड पार्टी से क्रॉस चेकिंग करवाकर रायपुर शहर को स्वच्छ वायु सर्वेक्षण के लिए 177.5 अंक प्रदत्त किये, यह संतोषजनक और वास्तव में शहर में प्रसन्नतादायक है।
स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2024 में केन्द्र सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा जो पैरामीटर सर्वे हेतु रखा गया, उसमें बायोमास एंड म्युनिसिपल वेस्ट बर्निंग, रोड डस्ट,सीएन्डडी वेस्ट की डस्ट,वाहन प्रदूषण, ओद्योगिक प्रदूषण, अन्य प्रदूषण, आईईसी गतिविधियां जनजागरूकता, इम्प्रुवमेंट इन पीएम 10 कंसन्ट्रेशन को रखा गया था।