रायपुर
बघेल सरकार ने जीर्णोद्धार में खर्च किए थे 32 करोड़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 7 सितंबर। कांग्रेस की बघेल सरकार की महत्वाकांक्षी योजना रही चंदखुरी का कौशल्या माता मंदिर जीर्णोद्धार कार्य की पोल बारिश में खुल गई है। कल हुई बारिश, और गाज गिरने से मंदिर खंडित हो गया है। गाज गिरने से मंदिर के बाहरी दीवार का बाहरी नक्काशीदार पत्थर टूटकर गिर गया। मंदिर के सेवादार विकास वर्मा और पुजारी ने कहा है कि मंदिर खंडित हो चुका है। जानकारी के अनुसार यह हादसा रात 9 बजे मंदिर के पट बंद होने के तुरंत बाद हुआ, उस वक्त सेवादार और पुजारी दोनों परिसर में मौजूद थे। टूटा हुआ पत्थर पुजारी के पैरों के पास गिरा। हालांकि इससे उन्हें कोई चोट नहीं आई। इस खबर के बाद जीर्णोद्धार के ठेकेदार रामकिशोर झा ने अपने कारीगरों को निर्देशित कर टूटे हुए पत्थर को रिपेयर करवाया। ठेकेदार ने बताया कि मंदिर के ड्राइंग डिजाइन में तडि़त चालक का प्रावधान न होने से नहीं लगाया गया था। इसके चलते परसों रात हुए वज्रपात में यह पत्थर टूटकर गिरा।
कल हमने खबर प्रकाशित किया था कि जीर्णोद्धार पर कांग्रेस सरकार ने 32 करोड़ रूपए खर्च किए थे। 150 वर्ष पुराने मंदिर के जीर्णोद्धार कांग्रेस शासन के 4वर्ष में किया गया था। मंदिर के पुजारी और समिति के सदस्य का कहना है कि मंदिर के पुराने गुंबद के नीचे पानी रिसता है। जीर्णोध्दार में इसे तोडक़र नया गुंबद बनाया गया। इसी तरह से मंडप क्षेत्र में भी पानी नीचे रिसता है इसे एकत्रित करने बर्तन लगाना पड़ रहा है। ज्योति कलश कक्ष का भी यही हाल है। जहां बारिश का पानी जमा हो रहा है।
पुजारी का कहना है कि 150 वर्ष पुराने मंदिर में पहले कभी पानी एक बूंद नहीं टपका। हमने जीर्णोद्धार के समय भी कई तरह की आपत्ति कर सुझाव दिए लेकिन अफसर ठेकेदार ने नहीं सुनी और मनमाने तरीके से बनाते रहे। और आज स्थिति सबके सामने आए।
बिजली गिरने की घटना पर डिप्टी सीएम अरूण साव ने कहा कि यह प्रमाण की है कि कांग्रेस के कार्यकाल में इस तरह से भ्रष्टाचार हुआ है। बघेल सरकार ने भगवान को भी नहीं छोड़ा था। वनमंत्री केदार कश्यप ने कहा कि चंदखुरी मंदिर को लेकर कांग्रेस सरकार ने कितनी बड़ी राजनीति की थी। और उसका हश्र दिख रहा है। कांग्रेस न मंदिरों के साथ है न देवी देवताओं के। राम का अपमान वे हमेशा से करते रहे हैं।