रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 7 सितंबर। कृषि के देवता माने जाने वाले भगवान श्रीबलराम की जयंती 9 सितम्बर, को किसान दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। कृषि महाविद्यालय, रायपुर के कृषि मण्डपम में दोपहर 12 बजे आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, अध्यक्षता कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी मंत्री रामविचार नेताम करेंगे। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता के रूप में भारतीय किसान संघ के अखिल भारतीय संगठन मंत्री दिनेश कुलकर्णी होंगे।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में बृजमोहन अग्रवाल सांसद, भारतीय किसान संघ, छत्तीसगढ़ प्रान्त अध्यक्ष सुरेश चन्द्रवंशी उपस्थित रहेंगे। इस मौके पर कृषि विश्वविद्यालय, में ‘प्राकृतिक एवं गौ आधारित कृषि’ विषय पर एक दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला भी आयोजित की जाएगी जिसमें प्राकृतिक एवं गौ आधारित कृषि पर विषय विशेषज्ञों द्वारा किसानों को ‘प्राकृतिक एवं गौ आधारित कृषि’ की संकल्पना, इसकी प्रविधि एवं इससे प्राप्त लाभों से अवगत कराया जाएगा।
इस राज्य स्तरीय कार्यशाला में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से 2 हजार से अधिक किसान शामिल होंगे। इस दिन छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में संचालित 27 कृषि विज्ञान केन्द्रों में भी श्रीबलराम जयंती-किसान दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा।