रायपुर

महिलाओं को धोखा देने वाली शोभा गिरफ्तार
07-Sep-2024 5:57 PM
महिलाओं को धोखा देने वाली शोभा गिरफ्तार

अवैध तरीके से खाते खुलवाकर 15 करोड़ का लेनदेन किया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 7 सितंबर। अवैध तरीके से महिलाओं के बैंक में खाता खुलवाकर करोड़ो रूपये की लेन-देन करने वाली नारी शक्ति संगठन की संचालक शोभा ठाकुर को शिकायत के करीब 15 दिनों बाद अंतत:  गिरफ्तार कर लिया है। श्रीमती कोमल सेन्दरे निवासी बीएसयूपी कालोनी भाठागांव समेत  लगभग 1 दर्जन महिलाओं को शिकार बनाया था। शोभा ठाकुर ने इन महिलाओं को  रोजगार उपलब्ध कराने एवं सदस्य बनने का झांसा दिया था।वह पीडि़तों से बैंक खाता खुलवाकर  पास बुक, ए.टी.एम. कार्ड, एवं सिम कार्ड अपने पास रखती थी।और उन खातों में लगभग 15 करोड़ रुपये का लेन देन किया है। प्रारंभिक जांच के बाद शोभा को  गिरफ्तार कर   पुरानी बस्ती पुलिस ने रिमाण्ड पर लिया है।  उससे ठगी में संलिप्त अन्य आरोपियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने उन पर भी  कार्यवाही करने की बात कही है।

 दर्ज रिपोर्ट के अनुसार जनवरी 2024 में शोभा ठाकुर नाम की महिला बी.एस.यू.पी. कालोनी में आकर अपना परिचय नारी शक्ति संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में दिया। कालोनी में रहने वाले महिलाओं की मीटिंग लेकर यह योजना बताई कि आप लोगों को घर बैठे सिलाई, आचार बनाने, पैकिंग करने तथा अन्य भी रोजगार उपलब्ध कराया जायेगा। और उनको सदस्य बनने के लिये उनसे 50 एवं 100 रूपये प्राप्त कर नारी शक्ती संगठन रसीद दिया गया।

एक माह तक महिलाओं को कोई रोजगार नहीं मिला। कोमल को संदेह होने पर वह 07 अगस्त  को बैंक से जानकारी ली तब पता चला कि उसके खाते से बड़ी अधिक राशि का लेन-देन होने के साथ ही अन्य लगभग एक दर्जन महिलाओं के खातों में भी कुल 15करोड़ की अत्यधिक राशि का लेन - देन किया गया था।


अन्य पोस्ट