रायपुर

एकाएक बादलों ने घेरा और बरस पड़े
05-Sep-2024 9:21 PM
एकाएक बादलों ने घेरा और बरस पड़े

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 5 सितंबर। राजधानी में सुबह धूप के बाद मौसम बदला और घने बादलों ने शहर को घेरा, और जमकर  बरसे। इससे लोधीपारा, मंडी गेट जेल तिराहे समेत कई इलाकों में जल भराव से  जाम की स्थिति रही। उधर रायगढ़ में भी सुबह अच्छी बारिश दर्ज की है।

मौसम विभाग ने बस्तर संभाग के 5 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर और नारायणपुर में आज भारी बारिश हो सकती है। अगले 3 दिनों तक ये दौर जारी रह सकता है।  प्रदेश में अब तक 980.2 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है जो औसत से सिर्फ 1 प्रतिशत अधिक है। 3 जिलों में सामान्य से अधिक और 5 जिले में कम बारिश हुई है। बाकी जिलों में सामान्य पानी बरसा है।

मौसम विभाग ने आज भी मौसम सामान्य रहने और शाम को बारिश की संभावना जताई है। वहीं बुधवार को भी तेज धूप और उमस ने बेहाल कर दिया। इसके चलते तापमान बढक़र 33.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो प्रदेश का सर्वाधिक तापमान रहा।

विभाग के अनुसार मानसून द्रोणिका माध्य समुद्र तल पर जैसलमेर, कोटा, गुना, सिवनी, रामागुंडम, कलिंगपट्टनम और उसके बाद दक्षिण-पूर्व की ओर पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण तटीय आंध्र प्रदेश और उसके आसपास 3.1 किलोमीटर से 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके प्रभाव से एक निम्न दाब का क्षेत्र आज  पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बनने की संभावना है।

एक विंड शियर जोन 22 डिग्री उत्तर में 3.1 किलोमीटर ऊंचाई पर स्थित है। इस वजह से आज  अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे और  एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ वज्रपात होने तथा भारी वर्षा होने की भी संभावना है।भारी वर्षा का क्षेत्र मुख्यत: बस्तर संभाग के दक्षिणी भाग संभावित है।प्रदेश में मानसून की गतिविधि में वृद्धि होने की संभावना है।


अन्य पोस्ट