रायपुर
सामान्य वर्ग के लिए 50 प्रतिशत आरक्षित के लिए 40 प्रतिशत अंक जरूरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 4 सितंबर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के अंतर्गत संचालित बी.टेक (कृषि अभियांत्रिकी) अथवा बी.टेक (फूड टेक्नोलॉजी) स्नातक पाठ्यक्रम में ‘‘नवीन शिक्षा नीति 2020’’ के तहत रिक्त सीटों पर सत्र 2024-25 के प्रथम वर्ष में प्रवेश ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया ओपन कर दी गई है। छत्तीसगढ़ के मूल निवासी पी.ई.टी., जे.ई.ई. मैन्स - 24 तथा 12वीं कक्षा (गणित समूह - गणित, भौतिकी, रसायन विज्ञान, अंग्रेजी) से उत्तीर्ण हो वे इस आनलाईन काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग लेने हेतु योग्य होंगे।
कृषि अभियांत्रिकी और फूड टेक्नोलॉजी का क्षेत्र कृषि और खाद्य प्रौद्योगिकी में नवाचार और उन्नत तकनीकों के उपयोग के लिए अत्यधिक महत्वपूर्ण है। हाल ही में छत्तीसगढ़ राज्य में कृषि अभियांत्रिकी निदेशालय की स्थापना की योजना बनाई गई है, जिससे कृषि अभियांत्रिकी और फूड टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में नए रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।
ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया कल 4 सितंबर से 08 सितंबर, तक (दोपहर 12:00 बजे तक) चलेगी। इस अवधि में पंजीकरण करने वाले अभ्यर्थियों को वरीयता सूची के आधार पर नियमानुसार प्रवेश दिया जाएगा।
छत्तीसगढ़ के मूलनिवासी अभ्यर्थी जिन्होंने पी.ई.टी. - 2024, जे.ई.ई. मैन्स - 2024 अथवा 12वीं कक्षा (गणित समूह) उत्तीर्ण की है, वे इस प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 12वीं कक्षा में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों की आवश्यकता है, जबकि आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए यह न्यूनतम सीमा 40 प्रतिशत निर्धारित की गई है।