रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 2 सितंबर। सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर धोखाधड़ी की घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रहीं। यह सर्वविदित है कि सरकारी नौकरियां बिना पद विज्ञापित हुए ऐसे पैसे लेकर नहीं मिलती। बिना पुख्ता जानकारी के लोग ऐसे धोखे बाजों के झांसे में आकर घर की जमा पूंजी गवां रहे हैं।
कल सांकरा धमतरी निवासी युवती देवकी ध्रुव (27) ने न्यू राजेन्द्र नगर थाने में ऐसी ही एक रिपोर्ट दर्ज कराई । पुलिस के मुताबिक न्यू राजेन्द्र नगर इलाके में प्रोग्रेसिव प्वाइंट नामक संस्था की प्रति शर्मा और स्वयं शर्मा ने शासकीय नौकरी लगाने के नाम पर देवकी और 9अन्य युवक युवतियों से कुल 20.99लाख रूपए वसूले। यह वसूली 25अप्रैल से 1 सितंबर तक अलग अलग दिन किश्तों में की गई। और हर बार आज कल में नियुक्ति पत्र दिलाने का झांसा देते रहे। इन्हें रेलवे, मंत्रालय, और स्वास्थ्य विभाग में नौकरी लगाने का भरोसा दिलाते रहे हैं।
पांच माह तक चक्कर काटने के बाद धोखाधड़ी का अहसास होने पर देवकी ने कल थाने में धारा 420,34 का अपराध दर्ज कराया। पुलिस दोनों को तलाश रही है।