रायपुर

राजधानी का आउटर अमानक व नकली खाद-बीज, दवा का भंडार
29-Aug-2024 4:08 PM
राजधानी का आउटर अमानक व नकली खाद-बीज, दवा का भंडार

 90 प्रतिशत कारोबार कच्चे में कर धनाड्य हो गए कारोबारी

 कई कारोबारियों के बड़े बड़े गोडाउन, इनका जीएसटी पंजीयन भी नहीं 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 अगस्त।
राजधानी का आउटर इलाका अमानक व  नकली खाद बीज का भंडार हो गया है। कृषि, दवा औषधि और जीएसटी अमले की आंखों में धूल झोंककर वेंडर नकली माल बेचकर किसानों और शासन को लाखों करोड़ों का नुकसान पहुंचा रहे हैं। 

प्रदेश के किसान इस समय धान की बाली बढऩे के इंतजार में हैं। इसके साथ ही उन्हें तना छेदक कीट प्रकोप का भी भय सता रहा है। प्रदेश के कुछ इलाकों में तो यह कीट फैलने भी लगा है। जो किसानों की सालभर की मेहनत पर पानी फेरने सक्रिय है । किसानों ने इस बार 46.35  लाख हेक्टेयर में धान के साथ साथ अन्य खरीफ फसलों की बोनी कर ली है। और अब अपनी फसल बचाने के साथ जड़ का फैलाव बढ़ाने बड़े पैमाने पर कीटनाशक का इस्तेमाल कर रहे  हैं। बस उनकी इसी परेशानी,जरूरत का फायदा उठाने खाद बीज और दवा के कारोबारियों ने अपना जाल बिछा दिया है। जो राजधानी रायपुर से ही पूरे प्रदेश में अमानक खाद और कीटनाशकों की सप्लाई और बेच रहे हैं। 

कृषक बाजार के सूत्रों के मुताबिक इन कारोबारियों के लिए भाठागांव, काठाडीह, खुड़मुड़ा, रायपुरा, रवेली, और खारून पार अमलेश्वर, सेजबहार, मुजगहन, कोरर का बड़ा इलाका मुफीद है। इन इलाकों में इनके बड़े बड़े गोडाउन और दुकानें संचालित हैं। इन कारोबारियों न केंद्र और न राज्य जीएसटी में पंजीयन  कराया है। पूरा कारोबार कच्चे में लाखो करोड़ों में कर रहे हैं। पहचान छिपाने दुकान या गोडाउन में नाम भी अधूरा ही लिखते हैं।

शहर के आउटर इलाके होने से ये कारोबारी वहीं से अमानक, नकली खाद दवा और बीज की बिक्री और  सप्लाई करते हैं। दिल्ली हरियाणा नोएडा, गाजियाबाद की कंपनियों से नकली अमानक माल लेकर ये लोग बड़े गांव और कस्बों में अपने एजेंट के जरिए किसानों को बेइमानी से बेचकर उन्हें बड़ा नुकसान पहुंचा रहे हैं। ये कारोबारी किसानों को इन अमानक खाद बीज और दवा की कीमत  किश्तों में भुगतान की सुविधा देते हैं। यही एक वजह है कि किसान नफा नुकसान न सोचकर यह नकली उत्पाद ले लेते हैं। राजधानी में ऐसा नकली, अमानक धंधा करने वाले एक दर्जन कारोबारियों ने जाल फैला रखा है । इनके लिए अमानक उत्पाद कंपनियां या उनके बड़े स्टाकिस्ट, रेलवे वैगन के जरिए राजधानी ही नहीं उधर सरगुजा और इधर डोंगरगढ़ कर माल अनलोड कर जाते हैं। इसका खर्च भी इन कारोबारियों को नहीं उठाना पड़ता। और  किसानों के साथ सरकार के खजाने को बड़े टैक्स रेवेन्यू का चूना लगा रहे हैं। 
राज्य,केंद्र जीएसटी के साथ साथ कृषि दवा औषधि विभाग के बड़े बड़े अमले भी इनके काले कारोबार पर कार्रवाई नहीं कर पा रहे। या नजर अंदाज करने ये कारोबारी उन्हें भी उपकृत किए रहते हैं। कांग्रेस शासन काल में अवश्य कुछ कार्रवाई की खबरें आती रहीं लेकिन इस सीजन में अब तक विभाग आंख बंद किए हुए है। 

2017 में लागू जीएसटी कानून के तहत बीते 6 वर्षों में  न तो राज्य न केंद्रीय जीएसटी अमले ने कोई कार्रवाई की। इनका 80-90त्न कारोबार कच्चे पर चलता है । इस वजह से ये  इंकम टैक्स से भी बच निकलते हैं।  प्रदेश के वित्त व जीएसटी मंत्री कर राजस्व बढ़ाने नए नए सोर्स तलाशने जोर दे रहे हैं और उनका अमला कर चोरों पर आंखें मूंदे हुए हैं। किसानों के साथ अमानक कारोबार कर ये व्यापारी लाखों करोड़ों की संपत्ति अर्जित कर रहे हैं।

यहां फैला है नकली कारोबार
प्रदेश के द्विफसली इलाकों के साथ धमतरी, गरियाबंद, चारामा, दुर्ग, दल्लीराजहरा, बालोद, गुरूर, कुरुद, बेमेतरा, खरोरा, कवर्धा, नांदगांव, मुंगेली, बिलासपुर। 

विभाग की इस पर नजर है। इन कारोबारियों ई-वे बिल की जांच सतत की जा रही है। और इनफोर्समेंट विंग को प्रकरण दिए जा रहे हैं। इनके गोदाम का पंजीयन कराना अनिवार्य है। नहीं करते हैं, तो कार्रवाई कर सीज किया जाएगा। हमने कृषि और मार्कफेड से अधिकृत, पंजीकृत कारोबारियों की सूची मांगी है। इनसे बाहर कारोबारियों पर कार्रवाई करेंगे।  
-जेके ध्रुव
अपर संचालक जीएसटी

कृषि विभाग का दावा 
जुलाई में बीज खाद और दवा के 9477 नमूने लिए गए थे जिनमें से 71 ही अमानक पाए गए। 
 


अन्य पोस्ट