रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 27 अगस्त। थाने से पांच सौ मीटर दूर बेबीलोन कैपिटल में आधी रात में तेलीबांधा पुलिस और साइबर सेल ने दबिश दी। जहां जुआ खेलते हाईप्रोफाइल 10 जुआरी गिरफ्तार किए गए ।
इनमें निखिल सिंघानिया और उसके 9 साथी शामिल हैं।इनसे दांव पर लगे 2 लाख नगदी समेत ताशपत्ती जब्त किए गए । ये सभी होटल के रूम नंबर 115 में जुआ खेल रहे थे। सभी पर छग जुआ एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने केवल एक नाम का ही उल्लेख किया है। शेष नौ जुआरियों का नहीं।
आम तौर पर कुछ ले प्रोफाइल जुआरियों के पकड़े जाने पर पुलिस सभी के नाम ही नहीं उनकी फोटो,वीडियो तक जारी करती है लेकिन इस मामले में नामों का खुलासा भी नहीं किया है। इससे पुलिस पर दबाव को आसानी से समझा जा सकता है। यह भी उल्लेखनीय है कि एफआईआर में भी एक नाम निखिल सिंघानिया का लिखते हुए शेष को 9 अन्य लिख दिया गया है। इतना ही नहीं हम पूरे मामले की जानकारी लेने सुबह 11 बजे से टीआई के सर्विस मोबाइल नंबर पर कॉल करते रहे लेकिन दोपहर 1 बजे तक उन्होंने फोन लिफ्ट नहीं किया। इसी तरह से उनके वरिष्ठ एएसपी सिटी,क्राइम भी जानकारी नहीं मिल पाई।
इधर होटल और पुलिस के सूत्रों ने बताया कि दांव पत्ते से खेले और जीते जा रहे थे। लेकिन विजेता को पेमेंट आन लाइन हो रहा था। इस तरह से रात पुलिस पहुंचते तक 11 लाख रूपए का जुआ हो चुका था। सभी खिलाड़ी शहर के बड़े सराफा कारोबारियों और फाइनेंसरों के पुत्र-परिजन बताए गए हैं। समझा जा रहा है कि इसी वजह से पुलिस अन्य नामों का खुलासा नहीं कर रही।
जुआ एक्ट सबके लिए एक?
सिविल लाइन पुलिस ने कटोरा तालाब के कृष्णा होटल में पिछले दिनों ये 4 जुआरी पकड़े थे। और कल रात बेबीलॉन होटल में 10 सभी पर अपराध जुआ एक्ट के तहत लेकिन नामों का खुलासा नहीं।
