रायपुर
क्रेडाई प्रापर्टी एक्सपो का आज दूसरा दिन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 अगस्त। अपने आशियाने का सपना पूरा करने का वो अवसर आ ही गया जिसका साल भर से प्रापर्टी बायर्स इंतजार कर रहे थे, जब इंडोर स्टेडियम में तीन दिवसीय क्रेडाई प्रापर्टी एक्सपो का शुक्रवार देर शाम भव्य शुभारंभ हुआ। अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ करीब 200 से भी अधिक नए व पुराने प्रोजेक्ट्स लेकर 40 डेवलपर्स की यहां मौजूदगी है। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत व दीप प्रज्जवलन के साथ हुआ।
क्रेडाई छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष संजय रहेजा ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि जब हम श्री चौधरी के पास इनविटेशेन लेकर गए थे तब उन्होने कहा कि कोई प्राब्लम हो तो बतायें। हमने उन्हे बताया कि रजिस्ट्री रेट के गाइड लाइन से ऊपर जो रजिस्ट्री होती है बैंक फाइनेंस होने के कारण फूल रेट पर रजिस्ट्री होती है उस पर हमने उनसे आग्रह किया कि स्टांप ड्यूटी पर रियायत मिलना चाहिए, इस पर उन्होंने तत्काल उच्च अधिकारी को आदेशित किया कि जो रजिस्ट्री रेट के ऊपर का अंतर होता है उस पर स्टांप ड्यूटी और रजिस्ट्रेशन फीस को जीरो किया जाए। इसके लिए हम सरकार का आभार व्यक्त करते हैं।
मुख्य अतिथि वित्त,आवास व पर्यावरण मंत्री ओ पी चौधरी ने अपने संबोधन की शुरुआत पुराने दिनों की याद ताजा करते हुए की, 2010-11 में जब रायपुर नगर निगम का कमिश्नर बनकर आया था तब पता चला कि कई सालों से स्टेडियम का यह प्रोजेक्ट रुका हुआ है। तब उस समय वर्तमान विधायक राजेश मूणत लोक निर्माण मंत्री थे उन्होंने इसे बनाने के लिए एकमुश्त पैसा सेंशन किया और यह स्टेडियम डेढ़ - दो साल के अंदर बनकर तैयार हो गया। मेरे से ज्यादा आप लोग रायपुर से कनेक्टेड है और जब मैं स्टूडेंट हुआ करता था तो भिलाई में पढ़ाई करता था और यदा-कदा रायपुर आना हुआ करता था। उस समय रायपुर बहुत छोटा था और वहां से रायपुर ने विकास करना शुरु किया जो आज तक जारी है और देश के अधिकांश शहरों की तुलना में रायपुर ने जिस प्रकार से डेवल्पमेंट किया है वह बहुत कम राज्यों की शहरों ने किया है। इस यात्रा को पूरी करने में जितनी परिस्थितियों और सरकार का रोल रहा है उससे भी ज्यादा आप सभी का रोल रहाहै। रायपुर का भविष्य बहुत अलग और ऊंचा दिखाई देता है।
पिछले पांच सालों में रायपुर का इंफ्रास्ट्रक्चर डेंवल्पमेंट होना चाहिए था वह नहीं हो सका, कोई भी बड़ा प्रोजेक्ट यहां नहीं आ पाया इसके कारण रायपुर जैसे फास्टेज सिटी में हर तीन-छह महीने में कुछ न कुछ नया प्रोजेक्ट लाना होगा तभी शहर सक्सेस ग्रोथ कर सकता है। पांच साल में पिछली सरकार ने कोई नया प्रोजेक्ट नहीं लाया है।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि दुर्ग सांसद विजय बघेल ने कहा कि क्रेडाई मेरा परिवार है। मेरे साथ इस आयोजन का सुखद संयोग जुड़ा है। अपने पारिवारिक बिल्डर्स सदस्यों का भी उन्होने जिक्र किया।
इससे पूर्व प्रापर्टी एक्सपो के स्टालों में पहुंचकर श्री ओ.पी.चौधरी व विजय बघेल ने जानकारी हासिल की। छत्तीसगढ़ की कला-संस्कृति से उकेरी गई विशेष तौर पर तैयार किए गए गमछे व स्मृति चिन्ह देकर अतिथियों का स्वागत किया गया। पूर्व विधायक विजय अग्रवाल, क्रेडाई के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री आनंद सिंघानिया, क्रेडाई छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष संजय रहेजा, प्रोग्राम चेयरमेन ऋषभ जैन, को-चेयरमेन नवनीत अग्रवाल व सचिव पंकज लाहोटी मंचस्थ थे। आभार प्रदर्शन सचिव पंकज लाहोटी ने किया।