रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 अगस्त। रायपुर दक्षिण विधानसभा उपचुनाव की हलचल तेज हो गई है। संकेत है कि अगले महीने चुनाव की घोषणा होगी, और अक्टूबर में मतदान हो सकते हैं। इसके चलते कांग्रेस और भाजपा ने तैयारी शुरू कर दी है।
चुनाव आयोग से जुड़े सूत्रों के मुताबिक रायपुर दक्षिण विधानसभा के उपचुनाव की घोषणा महाराष्ट्र, और झारखंड चुनाव के साथ ही होने की संभावना है। न सिर्फ छत्तीसगढ़ बल्कि उत्तरप्रदेश की दर्जन भर विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव की तारीख की घोषणा होगी।
महाराष्ट्र में 9 नवंबर से पहले चुनाव होने हैं। ऐसे में अंदाजा लगाया जा रहा है कि अक्टूबर में ये सभी चुनाव हो सकते हैं। चुनाव के लिए तारीख का ऐलान सितंबर में होने की संभावना जताई गई है। भाजपा और कांग्रेस ने अक्टूबर में चुनाव की संभावना को देखते हुए तैयारी शुरू भी कर दी है। इस बार आम आदमी पार्टी ने भी दमखम के साथ चुनाव लडऩे का ऐलान किया है।
भाजपा में टिकट के दावेदारों की होड़ मची है। टिकट के प्रमुख दावेदार पार्टी के क्षेत्रीय महामंत्री (संगठन) अजय जामवाल, और महामंत्री पवन साय से मिल भी रहे हैं। टिकट को लेकर काफी खींचतान भी चल रही है।
भाजपा की टिकट में सांसद बृजमोहन अग्रवाल की पसंद पर मुहर लग सकती है। चर्चा है कि बृजमोहन, पूर्व सांसद सुनील सोनी के नाम पर सहमत हो सकते हैं। यही नहीं, आधा दर्जन दावेदार संजय श्रीवास्तव, केदार गुप्ता, रमेश ठाकुर, मीनल चौबे और अन्य, संगठन प्रमुख नेताओं से मिलकर अपनी दावेदारी कर रहे हैं।
पार्टी ने प्रदेश उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा और सरकार के मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को प्रभारी बनाया है। शिवरतन शर्मा की बृजमोहन अग्रवाल के साथ एक दौर की बैठक भी हो चुकी है। जायसवाल भी महामंत्री पवन साय से मिलकर लगातार दिशा-निर्देश ले रहे हैं।
दूसरी तरफ, कांग्रेस भी तैयारियों में पीछे नहीं है। प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट की प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज से बैठक हो चुकी है, और चुनाव तैयारियों की समीक्षा भी की है। टिकट के लिए प्रमोद दुबे, कन्हैया अग्रवाल, सन्नी अग्रवाल, एजाज ढेबर, और युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा का नाम चर्चा में है। कांग्रेस, भाजपा प्रत्याशी की घोषणा के बाद ही प्रत्याशी घोषित कर सकती है। पार्टी के एक नेता ने संकेत दिए हैं कि यदि भाजपा, महिला प्रत्याशी उतारती है, तो कांग्रेस भी महिला प्रत्याशी दे सकती है। इसके लिए नाम भी छांटे जा रहे हैं।
संकेत है कि अगले कुछ दिनों में रायपुर दक्षिण सीट में राजनीतिक हलचल तेज होगी।