रायपुर
देवेन्द्र और अन्य कांग्रेसियों की गिरफ्तारी के विरोध में धरना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 अगस्त। बलौदाबाज़ार हिंसा मामले में साय सरकार की नाकामी और कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव के साथ युकां, एनएसयूआई, सतनामी समाज के 170 भाईयों की गिरफ्तारी के विरोध में कार्यकर्ता प्रदेशव्यापी एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। जेल रोड के नमस्ते चौक में दिए जा रहे धरने में पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, कुलदीप जुनेजा, शहर अध्यक्ष गिरीश दुबे, पूर्व सांसद छाया वर्मा ,महेंद्र छाबड़ा ,उधो वर्मा,संजय पाठक , प्रमोद चौबे श्रीकुमार मेनन, सुंदर जोगी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसी उपस्थित रहे।
इस दौरान मीडिया से चर्चा में दीपक बैज ने कहा कि पुलिस चाहे जिसका नार्को टेस्ट कराना चाहती है करा लें। वहीं शुक्रवार को प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट के साथ हुई बैठक के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रभारी ने सभी पदाधिकारियों से कहा है कि जहां बदलाव की जरूरत है कर लें। संगठन में जिन पदों पर नियुक्ति की जरूरत है बड़े नेताओं के साथ बैठकर जल्द कर लिया जाए।
इससे पहले पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव भी कह चुके थे कि हाईकमान ने प्रदेश में रिक्त पदों का नियुक्तियों के लिए अपनी सहमति दे दी है। जल्द ही संगठन की बैठक कर इस पर निर्णय ले लिया जाएगा।